79वें स्वतंत्रता दिवस पर विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधानसभा भवन जयपुर में किया ध्वजारोहण

( Read 1072 Times)

17 Aug 25
Share |
Print This Page
79वें स्वतंत्रता दिवस पर विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधानसभा भवन जयपुर में किया ध्वजारोहण

जयपुर, 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को प्रातः जयपुर स्थित भव्य  विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने सभी लोगो को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव का दिन है। यह अवसर हमें उन अमर बलिदानियों का स्मरण कराता है जिनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान से हमें स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। देश की आजादी का आंदोलन 90 वर्ष से अधिक चला। स्पीकर देवनानी ने सभी से राष्ट्र सेवा का संकल्प लेंने और नए भारत का निर्माण करने का आह्वान किया।

 

*स्वावलंबी और आत्म विश्वासी युवा भारत की पहचान* 

 

देवनानी ने प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप नये भारत के निर्माण पर बल देते हुए कहा कि स्वावलंबन और आत्मविश्वास आज के भारत की पहचान है। आत्मनिर्भर भारत के पथ पर बढ़ते हुए विज्ञान, तकनीक, कृषि, उद्योग, शिक्षा और रक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में नई दिशा और नई ताक़त से प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ना होगा।

 

*सेना की बहादुरी प्रेरणा स्रोत* 

 

देवनानी ने कहा कि सेना की बहादुरी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमारे सैनिकों ने सदैव अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा की है। उनका त्याग और साहस हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति और गौरव का भाव भरता है।

 

*सिंध खोने का दुःख* 

 

देवनानी ने कहा कि सिंध खोने का दुःख आज भी हमारी स्मृतियों में जीवित है। विभाजन में पूरा सिंध चला गया। यह हमारे सांस्कृतिक धरोहर और अखंड भारत की भावना पर गहरा आघात है। हमें अपने अतीत के अनुभवों से शिक्षा लेकर भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण करना है।

 

*विभाजन का दंस झेलने वालों के त्याग का सम्मान करें* 

 

देवनानी ने विस्थापितों के दर्द और संघर्ष का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह पीड़ा हमारे राष्ट्र की सामूहिक पीड़ा है। कठिन परिस्थितियों में भी विस्थापितों ने स्वाभिमान और संघर्ष की भावना को जीवित रखा है। उनकी जिजीविषा और आत्मबल पूरे देश के लिए प्रेरणा का विषय है। हमें उनके योगदान और त्याग का सम्मान करना चाहिए।

 

*अमेरिका टैरिफ से सावचेत  रहे और स्वदेशी के उपयोग से देश को मजबूत करें* 

 

देवनानी ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व राजनीति और अर्थव्यवस्था में कई बार ऐसी चुनौतियाँ सामने आती हैं जिनसे बड़े-बड़े राष्ट्र भी प्रभावित होते हैं। अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ़ का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि भारत को भारी ताक़तों से डरने की आवश्यकता नहीं है। हमें आत्मनिर्भर होकर स्वदेशी अपनाना होगा। यही मार्ग हमें बाहरी दबावों से मुक्त कर वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाएगा।

 

*विधानसभा की उत्तरोत्तर प्रगति ही हमारे देश सेवा*

 

देवनानी ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का पवित्र मंदिर है। यहाँ जनभावनाओं को स्वर मिलता है और नीतियाँ जनहित का आकार लेती हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा की प्रगति लोकतंत्र की शक्ति और सुदृढ़ता का प्रतीक है। नई तकनीक, पारदर्शी कार्यप्रणाली और बेहतर संसाधनों के माध्यम से राजस्थान विधानसभा निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। विधानसभा की उत्तरोत्तर प्रगति के लिए हमारे कर्तव्यनिष्ठा ही आज के दौर में देश सेवा है।

 

*विधानसभा कार्मिकों में राष्ट्र प्रेम का जोश* 

 

देवनानी ने  विधानसभा कार्मिकों के कर्तव्यनिष्ठ होने का उल्लेख करते हुए कहा कि  राष्ट्रीय पर्व पर कार्मिकों की शत प्रतिशत उपस्थिति उनके राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और जोश का परिचायक है। उन्होंने कहा कि कार्मिकों की यह भावना ही विधानसभा की कार्यप्रणाली को सशक्त और जनहितैषी बनाती है।

 

देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति जनता की आस्था और विश्वास है, जिसे सशक्त करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। विधानसभा जनभावनाओं का पवित्र मंदिर है और हमे मिलकर इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के निर्णयों का केंद्र बनाए रखना है। हमारा कर्तव्य है कि हम देश की प्रगति में भागीदार बने। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितिर्या के अनुरूप देश के चारों और की सामयिक स्थितियों के दृष्टिगत हम सभी को राष्ट्र रक्षा और राष्ट्र सेवा का संकल्प लेना होगा।

 

इस मौके पर विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, पूर्व विधायकगण भी मौजूद थे। विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के. के. शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण समारोह में उपस्थित थे। विधानसभा भवन प्रांगण में आयोजित समारोह में राजस्थान पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। समारोह के आरम्भ में वन्देमातरम प्रस्तुत किया गया।

 

*राजकीय आवास पर ध्वजारोहण-* विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने शुक्रवार को प्रातः सिविल लाइन्स स्थित राजकीय निवास पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी की पत्नी श्रीमती इन्द्रा देवनानी, सुपुत्र श्री महेश देवनानी व परिजन सहित अधिकारी व कर्मचारीगण तथा आमजन मौजूद थे।

 

*अमर जवान ज्योति पर शहीदों को किया नमन-* विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने शुक्रवार को प्रातः 8 बजे अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश को आजादी दिलाने वाले सभी स्वतन्त्रता सेनानियों को नमन किया। श्री देवनानी ने विजिटर बुक में संदेश में लिखा कि " आज 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाखों बलिदानियों, जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली, मैं उन सब को नमन करता हूँ, प्रणाम करता हूँ। यह देश विश्व का महान लोकतान्त्रिक देश है। इसे विश्व गुरु बनाने में अपनी क्षमता के अनुसार हम सब अपना योगदान देने का संकल्प लें।”

 

*राजकीय निवास पर ध्वजारोहण किया*

 

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिविल लाइन जयपुर स्थित राजकीय निवास पर ध्वजारोहण किया।

 

*राजभवन एट होम में लिया भाग* 

 

देवनानी ने राजभवन जयपुर में 15 अगस्त, शुक्रवार को सायं आयोजित एट होम में  भाग लिया । राज्यपाल  हरिभाऊ बागडे के सानिध्य में आयोजित हुए एट होम में राज्यपाल  हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा और विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आगंतुकों से मुलाकात कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। एट होम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधिगण, कुलगुरु, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी, न्यायाधीपतिगण, समाजसेवी, व्यापारी स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े हुए लोग,मीडिया के प्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like