जैसलमेर, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज गुरुवार को पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने रामदेवरा मेला परिसर में स्वच्छता श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता और देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर तिरंगा यात्रा एवं रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें विधायक महंत प्रतापपुरी, रामदेवरा सरपंच समंदर सिंह तंवर, विकास अधिकारी हनुमान सिंह, पंचायत समिति सांकड़ा प्रधान, उपखंड स्तरीय समस्त अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा मेला परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न स्थानों से गुजरी, जहां देशभक्ति के नारों और तिरंगा लहराते हुए उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
विधायक महंत प्रतापपुरी जी ने इस अवसर पर कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को अपने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की अनुभूति कराना है। उन्होंने अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए लोगों से 15 अगस्त को घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधि आयोजित
नगर परिषद जैसलमेर द्वारा हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं होम कंपोस्टिंग को लेकर घर-घर जाकर विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
अभियान के तहत स्वच्छता प्रहरियों एवं स्वच्छता टीम द्वारा वार्डवार भ्रमण कर नागरिकों को गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, जैविक कचरे से घर पर ही कंपोस्ट बनाने की विधियां समझाई गईं। साथ ही, लोगों को बताया गया कि कैसे वे अपने घर पर ही सरल तरीके से किचन वेस्ट से खाद बना सकते हैं, जिससे न सिर्फ कचरे का निस्तारण होगा बल्कि पर्यावरण की भी रक्षा होगी।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की हैं कि हर नागरिक की भागीदारी से ही यह अभियान सफल हो सकेगा। साथ ही लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश दिया गया।
थईयात में तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, थईयात द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर गांव की मुख्य गलियों व मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में पहुंचकर भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के साथ संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य ने छात्रों को स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान न केवल एक अभियान है, बल्कि यह देशप्रेम की भावना को हर दिल तक पहुंचाने का माध्यम है।
ग्रामीणों ने भी रैली में बढ़-चढ़ कर भाग लिया और तिरंगे के सम्मान में एकजुटता दिखाई। रैली ने गांव में देशभक्ति का माहौल पैदा कर दिया।
हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
नगर परिषद् जैसलमेर द्वारा हर घर तिरंगा - हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सहभागिता से भव्य तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत प्रतियोगिता हनुमान चौराहा, सोनार दुर्ग, गड़सीसर झील के सामने एवं पटवा हवेली के सामने आयोजित की गई, जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सुंदर रंगोलियों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं स्वच्छता का संदेश दिया।
इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में श्रेष्ठ रंगोली बनाने वाली प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने किए 2000 तिरंगे तैयार
नगर परिषद जैसलमेर द्वारा हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी से राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) तैयार करवाने का कार्य किया गया। इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं ने लगभग 2000 तिरंगे हस्तनिर्मित तैयार किए।
यह पहल महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। झंडों का वितरण आमजन तक सुनिश्चित किया गया है, ताकि हर घर पर तिरंगा फहराया जा सके एवं अभियान को सफल बनाया जा सके। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने इस कार्य में पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना से योगदान दिया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें आर्थिक संबल भी प्राप्त हुआ। नगर परिषद द्वारा इस योगदान के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।