बांसवाड़ा, गायत्री मण्डल बांसवाड़ा की ओर से श्री पीताम्बरा आश्रम में आयोजित चतुर्थ प्रदोष शिवार्चन महोत्सव महा आरती एवं सामूहिक श्री भगवन्नाम संकीर्तन के साथ सोमवार रात सम्पन्न हो गया।
सोम प्रदोष के अवसर पर आश्रम के श्री हनुमत्पीठ साधना केन्द्र में पं. नरेन्द्र आचार्य (छींछ) के आचार्यत्व में रूद्रार्चन महानुष्ठान हुआ। इसमें विनायक स्तवन, पंचदेवता अर्चन-पूजन, शिव परिवार पूजन, वैदिक ऋचाओं एवं पौराणिक मंत्रों से षोड़शोपचारी पूजन, पंचामृत एवं विभिन्न दिव्य द्रव्यों से अभिषेक आदि के साथ समवेत स्वरों में रूद्र मंत्रों के गान के साथ रूद्रार्चन अनुष्ठान किया गया।
मुख्य साधक के रूप में गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक, पूर्व आयुक्त दिलीप गुप्ता एवं श्रीमती प्रीति गुप्ता तथा मण्डल के उपाध्यक्ष मनोहर जोशी एवं श्रीमती सरोज जोशी ने रूद्रार्चन महापूजा से संबंधित सभी परम्परागत विधानों को पूर्ण किया तथा आरती एवं पुष्पांजलि क्रम को पूर्ण किया।
रूद्रार्चन महापूजा अनुष्ठान में पं. राजेश त्रिवेदी(छींछ), पं. राकेश शुक्ला, पं. आशीष पण्ड्या एवं पं. मोहन पण्ड्या (पिडारमा), पं. विनय भट्ट, पं. पवन पाठक, पं. महेन्द्र कुमार त्रिवेदी, पं. जय रणा, पं. अमित जोशी, पं. चन्द्रेश व्यास, पं. ओमप्रकाश व्यास, पं. मनोहर एच. जोशी, पं. किशोर पाठक, पं. दिलीप अधिकारी, पं. मनोज नरहरि भट्ट, पं. विपीन भट्ट आदि कर्मकाण्डी पण्डितों ने हिस्सा लिया और समवेत स्वरों में वैदिक ऋचाओं का सुमधुर पाठ करते हुए शिवभक्ति को साकार कर दिया।
सोमप्रदोष शिवार्चन महोत्सव में शिव महिमा से युक्त विभिन्न स्तोत्रों, प्रदोष स्तोत्र आदि के सामूहिक पाठ आदि में कन्हैयालाल जोशी, डॉ. दिनेश भट्ट, पं. मधुसूदन व्यास, सतीशचन्द्र मेहता ‘काकाजी’, पं. विनोद शुक्ल, विनोद चौबीसा, पं. चन्द्रशेखर जोशी, एड्वोकेट यशपाल गुप्ता, अरुण व्यास, हीरेन पण्ड्या, रमेश आर. भट्ट, अजय अधिकारी, अनिल एनएच भट्ट, अनिल पण्ड्या, प्रमोद आचार्य आदि ने हिस्सा लिया।
गायत्री मण्डल की महिला शाखा ‘पीताम्बरा शक्ति’ की ओर से इस अवसर पर शिव महिमा गायन भजन संध्या एवं पंचाक्षरी मंत्र संकीर्तन कार्यक्रम हुआ जिसमें पुष्पा व्यास, कल्पना डिण्डोर, नीना अनिमेष पुरोहित, रचना अरुण व्यास, मंजुला शुक्ला, दिव्यबाला जोशी, सुमन आचार्य आदि ने श्रद्धा-भक्तिपूर्वक भाग लिया।
पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी ने गायत्री मण्डल द्वारा वैदिक संस्कृति, सनातन परम्पराओं एवं जीवनादर्शों के संरक्षण-संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा है कि इस दिशा में हर स्तर पर समन्वित गतिविधियों की निरन्तरता जरूरी है।
पूर्व राज्यमंत्री जोशी ने गायत्री मण्डल द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम के अवलोकन के दौरान् यह उद्गार व्यक्त किए। इस अवसर पर मण्डल की ओर से मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता, उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, सचिव विनोद शुक्ल, कोषाध्यक्ष पं. विनय भट्ट आदि ने वैदिक स्वस्तिवाचन से पुष्पहार, उपरणा, शाल एवं पगड़ी पहनाकर अभिनन्दन किया।
इससे पूर्व आश्रम पहुंचने पर मण्डल के सदस्यों एवं आश्रम के साधकों व साधिकाओं ने भवानी जोशी का स्वागत किया। जोशी ने हनुमानजी के श्रीविग्रह पर पुष्पहार पहनाया और हनुमत् स्तुति का पाठ किया।