उदयपुर। पेसिफिक विश्वविद्यालय के साइंस एंड टेक्नोलॉजी संकाय ने 2 अगस्त 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में "वृक्षारोपण दिवस" का आयोजन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के परिसर में पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. हेमन्त कोठारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रो. कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि "पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, भूमि संरक्षण एवं जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।" उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे साइंस एंड टेक्नोलॉजी संकाय के अध्यक्ष प्रो. दिलेन्द्र हीरन ने कहा कि "प्रकृति और विज्ञान का अटूट संबंध है। यदि हम विज्ञान का विकास चाहते हैं, तो हमें प्रकृति का भी संरक्षण करना होगा। हर पौधा एक जीवन है और हर जीवन हमारे भविष्य की सुरक्षा करता है। कार्यक्रम का संचालन प्रो . ऋतू खन्ना द्वारा किया गया ।
इस अवसर पर साइंस एंड टेक्नोलॉजी संकाय के सभी विद्यार्थी, प्राध्यापकगण एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरणीय चेतना को जागृत करना और उन्हें प्रकृति के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाना था। आयोजन को सफल बनाने में छात्रों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।