
बांसवाडा जिला कलक्टर भगवतीप्रसाद ने कहा है कि लोकसेवक यदि राजकीय सेवाओं में पूर्ण निष्ठा और समर्पण व्यक्त करता है तो उसे सेवा दौरान और सेवा के बाद भी समाज में सम्मान प्राप्त होता है।
कलक्टर भगवतीप्रसाद शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पुल के वाहन चालक ओमप्रकाश भाटी के अभिनंदन समारोह में बतौर अतिथि संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राजकाज में अधिकारियों के समक्ष समय की पाबंदी की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है और इस मायने में वाहन चालक अधिकारियों के सहयोगी के रूप में उनकी सफलता और असफलता का भागी बनता है। उन्होंने भाटी की सुदीर्घ और समर्पित राजकीय सेवाओं की सराहना की।
अपने संबोधन में अतिरिक्त जिला कलक्टर हिम्मतसिंह बारहठ ने राजसेवा में भाटी के कार्य व्यवहार और संजीदगी की तारीफ की और इससे अन्य चालकों को भी प्रेरित होने का आह्वान किया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. भंवरलाल और उपखण्ड अधिकारी वीरमाराम ने भाटी के सौम्य व्यवहार और स्थानीय परिवेश की बेहतरिन जानकारी को सफलता का कारक बताया।
इस मौके पर भाटी ने भी अपनी राजकीय सेवा के अनुभवों को उद्घाटित किया। समारोह में शिक्षाविद् प्रकाश पण्ड्या, विनोद व्यास, प्रकाश कुमार, नरेन्द्र त्रिवेदी आदि ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन कनिष्ठ विधि सहायक विधि जोशी ने किया।
Source :