उदयपुर। राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय, सिंधी बाजार, उदयपुर में भगवान धन्वन्तरि जयंती महोत्सव इस वर्ष विशेष रूप से दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। यह आयोजन 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें स्वास्थ्य जागरूकता और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम रखे गए हैं।
वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि भगवान धन्वन्तरि का अविर्भाव दिवस आयुर्वेद के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। भगवान धन्वन्तरि को देव वैद्य कहा गया है जिन्होंने मानवता को आयुर्वेद जैसे अमूल्य स्वास्थ्य विज्ञान का ज्ञान प्रदान किया। उनके उपदेश आज भी मानव जीवन के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन के माध्यम से दीर्घायु और निरोग जीवन का मार्ग दिखाते हैं।
डॉ. औदीच्य ने बताया कि 17 अक्टूबर, शुक्रवार को राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय, सिंधी बाजार में डायबिटीज जांच शिविर का आयोजन प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक किया जाएगा। इस शिविर में मधुमेह से पीड़ित नागरिकों की निःशुल्क जांच की जाएगी और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जांच कार्य वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य द्वारा किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य नागरिकों में डायबिटीज जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रोग की प्रारंभिक पहचान को प्रोत्साहित करना है।
18 अक्टूबर, शनिवार को भगवान धन्वन्तरि जयंती का मुख्य समारोह औषधालय परिसर में प्रातः 11 बजे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ होगी। इस अवसर पर औषधालय परिसर को पारंपरिक ढंग से सजाया जाएगा और सभी अधिकारी-कर्मचारी भगवान धन्वन्तरि की आराधना कर आयुर्वेद सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट करेंगे।