GMCH STORIES

गंभीर चक्रवाती तूफान बुलबुल से पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्रों और बंगलादेश में भारी वर्षा

( Read 19150 Times)

10 Nov 19
Share |
Print This Page
गंभीर चक्रवाती तूफान बुलबुल से पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्रों और बंगलादेश में भारी वर्षा

गंभीर चक्रवात बुलबुल कल आधी रात पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और बंगलादेश के खेपूपाड़ा के बीच टकराया। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात सुंदर वन डेल्टा होते हुए बंगलादेश की ओर जाते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा। इसके असर से कल पश्चिमी और पूर्वी मेदिनीपुर तथा दक्षिणी और उत्तरी 24 परगना के तटवर्ती क्षेत्रों में 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हवाओं की गति 135 किलोमीटर तक भी पहुंच गईं। पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्रों में कल दिन भर वर्षा होती रही। इससे कई पेड़ उखड़ गए और कोलकाता में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

ओडिसा के केन्द्रपाड़ा जिले में वर्षा के बाद दीवार ढहने से एक व्यक्ति की जान गयी। ओडिसा में चक्रवात बुलबुल के असर से जाजपुर, जगतसिंहपुर और केन्द्रपाड़ा जिलों में उखड़े पेड़ों को हटाने के बाद बिजली आपूर्ति और संचार सेवा बहाल कर दी गई है। विशेष राहत आयुक्त प्रदीप जेना ने कहा है कि केन्द्रपाड़ा, बालेश्वर और भद्रक जिलों के कुछ इलाकों में स्थिति सामान्य होने में थोड़ा समय लगेगा। जाजपुर, जगतसिंहपुर, केन्द्रपाड़ा, भद्रक और बालेश्वर जिले चक्रवात की चपेट में आए हैं। केन्द्रपाड़ा जिले में दीवार ढहने से एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है।

मुख्य सचिव असित त्रिपाठी ने बताया कि राज्य सरकार ने केन्द्र से चक्रवात और वर्षा के कारण धान की फसल को हुए नुकसान के आकलन के लिए एक दल भेजने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार छह लाख हेक्टेयर में लगी फसल का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा बर्बाद हो गया है। मुख्य ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और स्थिति से निपटने के सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।

दिल्ली में राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति ने स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट सचिव राजीव गाबा ने की। गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि सेना, वायु सेना, नौसेना और तटरक्षक बल को सतर्क कर दिया गया है।
ओडिसा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like