GMCH STORIES

बांसवाड़ा​ में राहुल गांधी ने भरी हुंकार

( Read 2476 Times)

08 Mar 24
Share |
Print This Page
बांसवाड़ा​ में राहुल गांधी ने भरी हुंकार

लोकसभा आम चुनाव ज्यो ज्यो नजदीक आ रहा है नेताओं की तल्ख टिप्पणियां भी बढ़ती ही जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विरोधी दलों की एकता विशेष कर कांग्रेस पर परिवारवाद, भष्ट्राचार ,विकास में असमानता आदि मुद्दों पर जोरदार हमला कर रहें है। प्रधानमत्री मोदी 12 मार्च को एक बार फिर से राजस्थान की एक आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे और कांग्रेस पर फिर से हमला बोलने के अवसर को नही छोड़ने वाले।
इधर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी बहुल बांसवाड़ा​ शहर के कॉलेज मैदान में हुंकार भरी और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने भारत को दो भागों में बांट दिया है । एक अमीरों का भारत और एक गरीबों का भारत। यही वजह है कि राममंदिर के उद्घाटन में एक भी किसान, गरीब और मजदूर मौजूद नही था।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को जिले में पहुंची। राहुल गांधी ने  कार्यक्रम में थोड़ा लेट पहुचने पर जनसमूह से माफी मांगी।  गांधी ने कहा कि आपको मेरा इंतजार करना पड़ा इसके लिए मैं माफ़ी मांगता हूं। राहुल के साथ कांग्रेस नेता जयराम रमेश भी थे।पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी बड़ी बहन विमला देवी के निधन के कारण जोधपुर में रहे लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पूर्व सांसद तारा चंद भगोरो ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश पंड्या सहित कांग्रेस के अन्य नेता बांसवाड़ा में मौजूद रहें।

राहुल गांधी ने जन सभा में कहा कि हमारी राष्ट्रपति आदिवासी हैं लेकिन राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में क्या आपको उनका चेहरा दिखा? क्यों नहीं दिखा क्योंकि वो आदिवासी हैं। उन्होंने कहा कि राममंदिर के उद्घाटन में किसान, गरीब, मजदूर नहीं थे वहां तो अडानी, अंबानी और बॉलीवुड की हस्तियां मौजूद थीं।

राहुल ने कहा कि आज दो हिंदुस्तान बने हुए हैं । एक पांच प्रतिशत वालों का भारत और एक बाकी 95 प्रतिशत वाला भारत । यदि आप  हिंदुस्तान की 200 बड़ी कंपनियों की लिस्ट निकालेंगे  तो उस सूची में आपको एक भी किसान और आदिवासी नहीं मिलेगा।

एक साल पहले हमने देश के निचले भाग समुद्र से ऊपरी भाग हिमालय तक की यात्रा की, जिसमें मेरी लोगों से सीधी बात हुई। देश के किसानों ने हमारे समक्ष अपनी बात रखी तो हमने अपने घोषणा पत्र में उनके लिए लीगल एमएसपी की गारंटी दी। साथ ही हमने कई बार जातीय जनगणना की बात भी की। राहुल ने कहा कि  हिंदुस्तान की 90 प्रतिशत आबादी दलित, आदिवासी, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग से है, लेकिन हिंदुस्तान की आज की कई व्यवस्थाओं को देखा जाए तो उसमें इन लोगों की भागीदारी नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है। नरेन्द्र मोदी युवाओं को कहते हैं पकोड़े तलो। उन्होंने वादा किया हमारी सरकार आई तो हिंदुस्तान के युवाओं के लिए कांग्रेस सबसे पहले 90 प्रतिशत वर्ग को 30 लाख सरकारी नौकरी देगी। दूसरा हम मनरेगा कार्यक्रम लाएंगे और रोजगार की गारंटी देंगे। साथ ही एक साल के लिए हर ग्रेजुएट को एक साल की इंटर्नशिप और एक लाख रुपए देने का कानूनी अधिकार देंगे। पेपरलीक के खिलाफ एक नया कानून लाएंगे जिससे पेपरलीक नहीं होंगे। चौथी बात युवाओं के लिए जो युवा आज साजान की डिलीवरी का काम करते हैं। उनके लिए हम राजस्थान में एक क़ानून लेकर आए थे।वो क़ानून हम पूरे देश में लाएंगे। हम पांचवी गांरटी  के रूप में 5000 करोड़ रुपए स्टार्टअप के लिए एक फंड बनाएंगे। हर जिले पर 10 करोड़ का फंड रहेगा।

इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी गारंटी मोदी जैसी नहीं हैं हमारी गारंटी पक्की गारंटी होती है। हम हमेशा अच्छी योजनाएं लाते हैं और भाजपा वाले लोगों की भावनाओं को उकसाते हैं। लोग काम करके जीतते है लेकिन हम काम करने के बाद भी राजस्थान में हारे है। इस हार में हमारी क्या गलती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर सारे कानूनों को बचाना है तो कांग्रेस पार्टी को बचाना होगा।चुनाव में जीतने के बाद हम क्या क्या करने वाले हैं। यह हम पहले ही बता चुके है । एक गारंटी हम पहले देश के युवाओं को भर्ती की देते है।दूसरी गारंटी हम युवाओं को पक्की नौकरी की देते है।तीसरी गारंटी हम पेपरलीक से मुक्ति की देते है।चौथी गारंटी गरीबों के लिए उनकी आमदनी बढ़ाने का काम करने की देते है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी सिर्फ गरीब लोगों को परेशान करते हैं।उसके बाद भी लोग मोदी मोदी करते हैं. गरीब, किसान, आदिवासी, अनुसूचित जाति जनजाति हम सभी को एक होना पड़ेगा।जब हम एक हो जाएंगे तो ये भाजपा वाले भागते फिरेंगे।मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा का क्या काम हैं ये इनके नेता बताते हैं. इनके नेता कहते हैं कुछ जातियों का काम करना शूद्रों का काम हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में इतना बड़ा राम का मंदिर बनाया गया उसमें हमारी  भी आस्था हैं। उस मंदिर के इतने बड़े कार्यक्रम में आपने देश की आदिवासी राष्ट्रपति को नहीं बुलाया। इसी तरह देश की नई संसद के उद्घाटन में भी उन्हें नहीं बुलाया गया और पूर्व में भी रामनाथ कोविंद जी को भी कई बड़े कार्यक्रमों से दूर रखा गया, क्योंकि वो शूद्र है। भाजपा सिर्फ आर एस एस को फायदा पहुंचाने का सोचती है और वो ही काम करती है।एमपी में भाजपा नेता ने आदिवासियों के बच्चों के मुंह पर मूत्र तक किया। यह परिस्थितियां दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदेश के इस दक्षिणी आदिवासी इलाके में कांग्रेस के दिग्गजों की यह हुंकार हाल ही कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए और बांसवाड़ा डूंगरपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार घोषित किए गए कद्दावर आदिवासी नेता महेंद्र जीत मालवीय के प्रभाव को कमजोर करना रहा। वैसे भी यह इलाका कांग्रेस का परंपरागत गढ़ रहा है और कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हरिदेव जोशी का कर्म क्षेत्र रहा जहां जोशी अपने जीते विधानसभा का एक भी चुनाव कभी नही हारे लेकिन उनके निधन के बाद यहां कांग्रेस का जनाधार खिसका। लोकसभा के पिछ्ले दो चुनावों 2014 और 2019 में भी यह सीट भारतीय जनता पार्टी के खाते में ही गई है। इस बार भी कांग्रेस के दिग्गज नेता महेन्द्र जीत सिंह मालवीय के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने से भाजपा का पलड़ा ही भारी दिखता है। मालवीय की धर्म पत्नी और बांसवाड़ा की जिला प्रमुख रेशम मालवीय ने भी कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।हालांकि भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) भी बांसवाडा डूंगरपुर सीट से ताल ठोकने वाली है। यह चर्चा भी है कि बाप और कांग्रेस मिल कर भी भाजपा का मुकाबला कर सकते है।

देखना हैं कांग्रेस और बाप पार्टियां गुजरात और मध्य प्रदेश से सटी इस आदिवासी सीट   से किसे अपना उम्मीदवार बनाते है तभी यह स्पष्ट होंगा कि इस बार इस सीट  का झुकाव किस ओर रहने वाला  है?


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Headlines
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like