GMCH STORIES

पार्षद भगतानी, शोएब, कर्मचारी व छात्र नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ 

( Read 2076 Times)

15 Nov 23
Share |
Print This Page

पार्षद भगतानी, शोएब, कर्मचारी व छात्र नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ 

उदयपुर। भाजपा छोड़ कर पार्षद संजय भगतानी और जनता सेना को छोड़कर पार्षद शोएब हुसैन और कुछ कर्मचारी एवं छात्र नेताओं ने समर्थकों के साथ मंगलवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया, वहीं आप पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने निजी स्तर पर कांग्रेस को समर्थन दिया है। उदयपुर शहर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रो गौरव वल्लभ की मौजूदगी में इन पदाधिकारियों का शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ व प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने स्वागत अभिनंदन किया।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रो गौरव ने मंगलवार शाम को पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर ये पार्टी में शामिल हुए हैं। इस मौके पर वार्ड 44 से पार्षद संजय भगतान व 45 से जनता सेना से चुने गए पार्षद शोएब हुसैन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व महानगर इकाई अध्यक्ष सत्येंद्र चौधरी, मौजूदा विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष भूपेंद्र पालीवाल, कर्मचारी नेता ओमप्रकाश श्रीमाली, चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा, गवर्नमेंट प्रेस के कर्मचारी नेता जब्बर मोहम्मद असरफ खान, शिक्षक नेता यशवंत पाण्डे, रमेश सेन समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। आप के कोषाध्यक्ष राकेश बंसल, दलपत कुमावत आदि ने कांग्रेस का समर्थन दिया। आप के जिलाध्यक्ष निर्भयसिंह राठौड़ के अनुसार कुछ पदाधिकारियों ने निजी स्तर पर कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दिया है, पार्टी स्तर पर ऐसा निर्णय नहीं किया गया है।
प्रो. गौरव ने दावा किया कि अभी भाजपा के 3-4 पार्षद और पार्टी छोड़ कांग्रेस में आने वाले हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि नाम वापसी का समय तो निकल गया लेकिन भाजपा प्रत्याशी अब भी चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर सकते हैं। भाजपा पहले धर्म के नाम पर फिर जाति और अब गौत्र में लोगों को बांट रही है। उनके पोस्टर में प्रत्याशी का फोटो भी नहीं दिखता जबकि दूसरे नेताओं के बड़े-बड़े फोटो दिखते हैं। पता ही नहीं चलता कि कौन चुनाव लड़ रहा है। प्रो गौरव ने कहा कि 4-5 दिन में उदयपुर की जनता के सामने उदयपुर जन घोषणा पत्र के रूप में रखेंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रमित सूचनाएं वायरल करने वालों के खिलाफ शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ आईटी एक्ट में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएंगे। इस दौरान शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री अरुण टांक, सुधीर जोशी, पार्षद फिरोज अहमद शेख, विनोद जैन, पूर्व पार्षद मनीष श्रीमाली, डॉ संदीप गर्ग, उमेश शर्मा, भगवान सोनी आदि मौजूद थे। इधर, प्रो. गौरव वल्लभ ने मंगलवार को बोहरा गणेश मंडल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।
कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने के लिए उदयपुर की बेटी और उनकी पत्नी प्रियंका वल्लभ भी मंगलवार से मैदान में उतरी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे इस शहर के दामाद के साथ ही बेटे भी हैं। प्रियंका ने कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के साथ कई क्षेत्रों में डोर टू डोर जनसंपर्क किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Headlines
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like