GMCH STORIES

संस्कार भारती का भारत पूजन व सम्मान समारोह का आयोजन, शाहपुरा की कार्यकारिणी की हुई घोषणा

( Read 1117 Times)

01 Feb 22
Share |
Print This Page
संस्कार भारती का भारत पूजन व सम्मान समारोह का आयोजन, शाहपुरा की कार्यकारिणी की हुई घोषणा

शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी) - शाहपुरा के गांधीपुरी स्थित आदर्श विद्या मन्दिर में रविवार को संस्कार भारती की ओर से भारत माता पूजन व कलाकार सम्मान समारोह का आयोजन समारोह पूर्वक हुआ। इस दौरान भीलवाड़ा के दो कलाकारों फड़ चित्रकार कल्याण जोशी व प्रख्यात चित्रकार केजी कदम का सम्मान भी किया गया। इस मौके पर सर्वसम्मति से संस्कार भारती की शाहपुरा इकाई की कार्यकारिणी की घोषणा की गई जिसमें संगीतकार बालकृष्ण बीरां को अध्यक्ष बनाया गया है।
मां वाणी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन द्वारा कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कवि दिनेश शर्मा बंटी ने वाणी वंदना प्रस्तुत की तथा परमेश्वर कुमावत ने संचालन के साथ में ध्येय गीत प्रस्तुत किया। कैलाशसिंह जाड़ावत ने राष्ट्रवन्दना प्रस्तुत की।
संस्कार भारती के प्रांत उपाध्यक्ष गीतकार बाबू बंजारा के मुख्य आतिथ्स व आरएसएस के जिला संघ चालक शंकरलाल तोषनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कैलाश सिंह जाड़ावत ने सभी का स्वागत करते हुए संस्कार भारती का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप् में ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय केंद्र प्रभारी संगीता बहन, भीलवाड़ा के फड़ चित्रकार कल्याण जोशी व प्रख्यात चित्रकार केजी कदम सहित शाहपुरा के प्रबुद्व नागरिक व कलाकार मौजूद रहे।
फड़चित्रकार कल्याण जोशी ने बताया कि शाहपुरा के अमरशहीद बारहठ परिवार पर फड़गाथा तैयार कर गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर प्रदर्शन किया गया है। उससे कला गौरान्वित हुई है। केजी कदम ने कहा कि ऐसे महापुरूषों पर चित्र प्रदर्शनी की योजना है। अब शहीद भगतसिंह पर तैयारी करेगें।
मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के बौद्विक प्रमुख सत्यनारायण कुमावत ने भारत की विशाल संस्कृति के गौरव को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के अखंड गौरव की रक्षा हेतु संकल्प का संदेश देते हुए मातृभूमि की विशाल समृद्धि एवं परिपाटी का चित्रण किया।
मुख्य अतिथि संस्कार भारती के प्रांत उपाध्यक्ष गीतकार बाबू बंजारा ने भारत के विशाल स्वरूप का ऐतिहासिक परिचय देते हुए अपनी संस्कृति को विश्व की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति बताया तथा काव्य पाठ से देश प्रेम का संदेश दिया। बंजारा ने बताया की भारतीय संस्कृति में कला व गुरु का विशेष स्थान हैं। उन्होंने बताया की 64 कलाओं के अवतार भगवान शिव के नटराज स्वरुप को संस्कार भारती ने अपना गुरू माना है। कला समाज के अंधकार को दूर कर प्रकाश की ओर ले जाती है।
बंजारा ने कहा कि संस्कार और संवेदना मानव समाज की रीढ़ हैं, सामाजिक व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु युवा पीढ़ी में इनका संचरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में जहां हर कोई अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने के लिए भी कट-पेस्ट का सहारा ले रहा है, ऐसे में संस्कारों का संरक्षण बहुत ही जरूरी हो गया है। युवा पीढ़ी में रचनात्मक प्रवृत्ति को विकसित करना होगा, क्योंकि साहित्य, कला, संगीत जैसी विधाएं किसी भी देश की सभ्यता और संस्कृति को समुन्नत बनाती हैं। जिला संघ चालक शंकरलाल तोषनीवाल ने कहा कि संस्कारों को सहेजने के लिए नैतिक मूल्यों पर भी जोर देना होगा।
कार्यक्रम में कैलाश कोली कंपाउंडर ने मां की ममता पर काव्यपाठ कर गरिमा प्रदान की। संचिना कला संस्थान के अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक ने कहा कि कला के माध्यम से ही जागृति संभव है। संस्कार भारती के लिए वो सहयोग को तत्पर है।
अंत में आगत अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
आजादी के अमृत महोत्सव से होगा सपना साकार
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय केंद्र प्रभारी संगीता बहन ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान के सात प्रभागों द्वारा शुरू किए गए सात महत्वपूर्ण देशव्यापी समाजोपयोगी अभियानों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट का बटन दबाकर लॉन्च किया था। जिसमें महिलाएं नए भारत की ध्वजवाहक अभियान, अनदेखा भारत साइकिल रैली, सुरक्षित भारत तथा एक भारत, श्रेष्ठ भारत मोटर बाइक रैली, आत्मनिर्भर किसान अभियान, पावर ऑफ पीस युवा प्रदर्शनी बस अभियान, मेरा भारत - स्वस्थ भारत अभियान एवं स्वच्छ भारत अभियान शामिल थे। ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय केंद्र प्रभारी संगीता बहन ने कहा कि पूरे वर्ष भर में चलने वाले इन अभियानों में 15,000 कार्यक्रमों के जरिए 10 करोड़ लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। देशव्यापी अभियान का मकसद देश प्रेम की भावना का जागरण, भावी पीढ़ी और राष्ट्र निर्माण, युवाओं में चरित्र निर्माण, खुशहाल अन्नदाता, व्यसन मुक्त भारत, शांति का संदेश, मानव में नैतिक मूल्यों का विकास और सकारात्मक प्रेरणा है।
संस्कार भारती शाहपुरा की नवगठित कार्यकारिणी-
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संस्कार भारती के प्रांत उपाध्यक्ष गीतकार बाबू बंजारा ने संस्कार भारती की शाहपुरा ईकाई की घोषणा की। जिसमें संगीतकार बालकृष्ण बीरां को अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष इकबाल खां, सरोज राठौड़ महासचिव, कैलाश कोली कंपाउंडर कोषाध्यक्ष, कैलाशसिंह जाड़ावत संगठन मंत्री, परामर्शदाती समिति के मुखिया पार्षद राजेश सौंलकी को बनाने की घोषणा की गई। सभी का बंजारा ने माला पहना कर स्वागत किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Bhilwara News ,
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like