के डी अब्बासी
कोटा। समूह संगत एवं प्रबंधक कमेटी श्री गुरु सिंह सभा कोटा जं. (रजि.) के तत्वावधान में साहिब श्री गुरुनानक देव जी महाराज का 556वां प्रकाश गुरपुरब (गुरू पर्व) उत्साह व उमंग के साथ मनाया जा रहा है, इसी के चलते रविवार को स्टेशन गुरूद्वारे से भव्य, विशाल और गुरु नानक देव जी के उपदेशों को मन में संजोए हुए विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। एक ओर मुख्य ग्रंथी गुरुवाणी का कीर्तन शबद विचार अर्थ भाव समझाते हुए चल रहे थे, तो दूसरी और वीर खालसा ग्रुप द्वारा हैरतंगेज गतका कला ने सभी को रोमांचित कर दिया। सभा के अध्यक्ष अमरजीत सिंह माखीजा ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब स्टेशन से नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ जो स्टेशन क्षेत्र के मुख्य मार्गो की शोभा बढाता हुआ आगे बढता रहा। सबसे आगे गुरु नानक देव जी का संदेश प्रसारित करते हुए पंज प्यारे चल रहे थे, उसके बाद गुरुग्रंथ साहिब का प्रकाश पालकी साहिब में शोभायमान रहा, सिख संगत के साथ ही अन्य समाज के लोगों ने भी मत्था टेका और अरदास कर गुरू महाराज का आशीर्वाद लिया। इस दौरान प्रसाद वितरण भी निरंतर किया जाता रहा। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रबन्धक अमरप्रीत सिंह मखीजा ने बताया कि वीर खालसा ग्रुप कोटा द्वारा नगर कीर्तन में एक से बढ़कर एक हैरतंगेज गतका कला का प्रदर्शन किया गया, कभी पिरामिड बनाकर लोगों को रोमांचित किया गया तो कभी तलवारबाजी की कला ने वीरता का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही साहस व बुद्धिमता का रोमांच चरम पर था। बच्चों से लेकर बड़े सभी अनुशासन में दिखाई दिए। जिसने भी गतका कला का प्रदर्शन देखा, उसकी नजरे वहीं ठहर गई और वह साहस की पराकाष्ठा को निहारता रहा। इस दौरान महिलाओं और पुरुष का कीर्तन जत्थे ने गुरु की बाणी का गुणगान किया। नगर कीर्तन का जगह-जगह स्वागत द्वार लगाकर पुष्प वर्षा कर, स्टॉल लगाकर स्वागत किया गया। कई जगह चाय-पानी, अल्पाहार की स्टॉल लगाकर लोगों की सेवा की गई। इस दौरान वाहे गुरू जी दा खालसा वाहे गुरुजी दी फतेह के नारे गूंजते रहे।
- श्री सुखमनी साहिब व नितनेम पाठ होंगे, 25 हजार लोग लंगर में ग्रहण करेंगे प्रसादी
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन के प्रबन्धक अमरप्रीत सिंह मखीजा ने बताया कि महान सुखदाता, सिख चिंतन के संस्थापक साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व 5 नवम्बर 2025 को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन में बड़ी ही श्रृद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुबह 4 बजे श्री सुखमनी साहिब व नितनेम के पाठ होंगे, प्रात: 6.30 बजे आसा की वार आरम्भ होंगे और 8.00 बजे समाप्ति श्री अखण्ड पाठ साहिब के साथ ही दोपहर 2 बजे तक खुले पंडाल में कीर्तन, कथा, गुरुमत विचार होंगे। रात का दीवान 7 बजे से 12 बजे तक होगा। इन आयोजन के तहत दोपहर 11 बजे से गुरु का लंगर अटूट बरतेगा, जिसमें 25 हजार से अधिक सभी समाज के श्रद्धालु लंगर चखेंगे।
- ग्रंथ साहिब की हजूरी में विशेष दीवान सजाया जाएगा
इस अवसर पर गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में विशेष दीवान सजाया जाएगा, जिसमें कोटा सहित दूर दराज से आने वाली संगत मत्था टेकेगी और अरदास करेंगे। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सिख फुलवाडी की ओर से गुरुमत लिटरेचर का प्रचार प्रसार के लिए स्टॉल रहेगी। वहीं चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें शहर के विभिन्न चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे।
- रागी जत्थे संगत को अमृत गुरवाणी से निहाल करेंगे
4 नवम्बर 2025 को सुबह के दीवान 7 से 10.30 बजे तक सजेगा वहीं रात का दीवान 7 से 10.30 बजे तक सजेगा। रागी जत्था भाई जसवीर सिंह जी (हजूरी रागी श्री गुरु सिंह सभा कोटा जंक्शन), रागी जत्था भाई सिमरप्रीत सिंह जी (हजूरी रागी श्री दरबार साहिब अमृतसर) एवं प्रचारक सिंह साहिब ज्ञानी जगतार सिंह जी (हेड ग्रंथी श्री दरबार साहिब अमृतसर) संगत को अमृत गुरवाणी से निहाल करेंगे।