GMCH STORIES

आध्यात्मिक व सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक थे स्वामी विवेकानंद - देवनानी

( Read 1071 Times)

30 May 25
Share |
Print This Page
आध्यात्मिक व सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक थे स्वामी विवेकानंद - देवनानी

गोपेन्द्र नाथ भट्ट 

उदयपुर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष के  वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत माता के सपूत, युगपुरुष, और युवाओं के प्रेरणास्त्रोत थे। वे न केवल भारत के बल्कि समस्त विश्व के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक थे। उनका जीवन, उनके विचार और उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। 

 

महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी के मुख्य आतिथ्य में उदयपुर जिले के झाड़ोल कस्बें के आजाद मैदान के सामने विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी उपस्थित रहे। 

अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद पार्क में फीता खोलकर ओपन जिम का उद्घाटन किया और विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण किया।

 

इस अवसर पर आयोजित सादे समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व को भारत की प्राचीन सनातन संस्कृति, वेदांत और मानवता के मूल सिद्धांतों से परिचित कराया। उनकी प्रतिमा के अनावरण का यह अवसर उनके योगदान को याद करते हुए उनसे प्रेरणा लेने का अवसर है।

 

देवनानी ने 1893 में शिकागो के धर्म संसद में दिए गए उनके ऐतिहासिक भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि तब उन्होने अपने विचारों से भारत का मस्तक ऊँचा किया। साथ ही यह भी सिद्ध कर दिया कि भारत केवल आध्यात्मिकता का ही नहीं बल्कि ज्ञान, विज्ञान और नैतिक मूल्यों का भी अगुआ है। 'मेरे अमेरिकी भाइयों और बहनों' से शुरू हुआ उनका भाषण आज भी हर भारतीय के हृदय में जोश भर देता है।
 

समारोह के विशिष्ट अतिथि केबीनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और कर्मशील बनने की प्रेरणा दी। उनका कहना था—"उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।" आज हम सभी को उनके इन शब्दों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। समारोह को विधायक श्री फूलसिंह मीणा, श्री गुणवंत सिंह झाला, श्री भंवरसिंह आदि ने भी संबोधित किया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी गुणवंत सिंह झाला ने की। विशिष्ट अतिथि उदयपुर की जिला प्रमुख ममता कुंवर पंवार थी । इनके अलावा, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, झाड़ोल प्रधान राधा देवी परमार, भंवर सिंह पंवार, शंकर लाल गाडरी, पंचायत समिति सदस्य सविता देवी, पंचायत प्रशासक आशा देवी वडेरा, उपसरपंच नीलम राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में युवा और आमजन समारोह में उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like