गोपेन्द्र नाथ भट्ट
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आतंकवाद और भारत-पाक तनाव के कारण पर्यटन पर पड़ रहे प्रभावों की बात करते पाकिस्तान की हालिया हरकतों पर टिप्पणी करते हुए राजस्थान के एक टी वी चैनल को अपने एक इंटरव्यू में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस नीति के चलते, लोगों को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी घटनाओं का दीर्घकालिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहलगाम की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बावजूद, कश्मीर में पर्यटकों की संख्या लौट रही है। पिछले साल, लगभग 2.4 करोड़ लोगों ने कश्मीर का दौरा किया था।
केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत के किसी भी कोने में जाने के लिए पर्यटकों को डरे बिना अपनी यात्रा करनी चाहिए. आज का भारत इतना मजबूत है कि देश के प्रत्येक निवासी और पर्यटक खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकता है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के भारत के धार्मिक स्थलों की ओर रुझान पर मंत्री ने कहा कि भारत का आध्यात्मिक टूरिज्म नई ऊंचाइयों पर है. यह जल्द ही देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा। धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ता पर्यटकों का रुझान, उज्जैन और काशी जैसे स्थलों का उल्लेखनीय विकास हुआ. मंत्री ने बताया कि उज्जैन में एक सप्ताह में जितने तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं, वह पहले पूरे वर्ष में पहुंचते थे।
शेखावत ने यह भी विश्वास दिलाया कि भारत में धार्मिक पर्यटन ने नई ऊंचाइयों को छू लिया है. उज्जैन और काशी जैसे तीर्थस्थलों को कॉरिडोर निर्माण और अन्य सुधारों के माध्यम से विकसित किया गया है, जिससे भारत के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। पर्यटन और संस्कृति पर बात करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। उज्जैन और काशी जैसे तीर्थस्थल इसके ज्वलंत उदाहरण है जहां पर पर्यटकों की संख्या उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। साथ ही प्रयाग राज महाकुंभ में देशी विदेशी पर्यटकों ने दुनिया के सारे रिकॉर्ड ध्यवस्त कर दिए थे।उन्होंने पर्यटन के बढ़ते प्रभाव को मद्दे नजर भारत में धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर दिया तथा राज्य सरकारों को इस दिशा में तेज गति से काम करने का सुझाव दिया।
रक्षा मामलों के विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में बढ़ते पर्यटन विकास को रोकना भी आतंकवादियों का एक एजेंडा है लेकिन पहलगाम की घटना के बाद भारत द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन सिन्दूर अभियान से पाकिस्तान और आतंकवादियों को बड़ा सबक मिला है लेकिन भारत को विशेष कर राजस्थान जैसे सीमावर्ती प्रदेशों को हमेशा आतंकवादियों से सजग रहते हुए उनके नापाक इरादों को ध्वस्त करते रहना चाहिए।