निर्यात जून महीने में लगभग 18 प्रतिशत बढ़ा
( Read 6526 Times)
14 Jul 18
Print This Page
देश का निर्यात जून महीने में लगभग 18 प्रतिशत बढ़कर 27.7 अरब डालर पर पहुंच गया। वहीं आयात बढ़ने व कच्चे तेल का आयात महंगा होने से व्यापार घाटा साढ़े तीन साल से अधिक के उच्चस्तर 16.6 अरब डालर पर जा पहुंचा।वाणिज्य मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन महीने में आयात भी 21.31 प्रतिशत बढ़कर 44.3 अरब डालर रहा। जून , 2018 में व्यापार घाटा नवंबर , 2014 के बाद सबसे अधिक रहा है। उस समय व्यापार घाटा 16.86 अरब डालर रहा था। जून, 2017 में व्यापार घाटा 12.96 अरब डालर था। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल - जून की तिमाही में निर्यात 14.21 प्रतिशत बढ़कर 82.47 अरब डालर रहा है। पहली तिमाही में आयात 13.49 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 127.41 अरब डालर पर पहुंच गया। इस दौरान व्यापार घाटा 44.94 अरब डालर रहा। जून में पेट्रोलियम उत्पादों , रसायन , फार्मास्युटिकल्स , रत्न एवं आभूषण तथा इंजीनियरिंग क्षेत्रों की वजह से निर्यात में उल्लेखनीय इजाफा हुआ। माह के दौरान कच्चे तेल का आयात 56.61 प्रतिशत बढ़कर 12.73 अरब डालर रहा। जून में सोने का आयात तीन प्रतिशत घटकर 2.38 अरब डालर रह गया।
Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Business News