GMCH STORIES

देश भर में गर्मी का कहर जारी, दिल्ली 45, कोटा 45.5, उदयपुर 40 डिग्री के पार

( Read 29238 Times)

25 May 15
Share |
Print This Page
देश भर में गर्मी का कहर जारी, दिल्ली 45, कोटा 45.5, उदयपुर 40 डिग्री के पार देश भर में गर्मी का कहर जारी है। गर्मी से मरने वालों की संख्या 510 तक पहुंच गई है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू के प्रकोप ने अब तक 432 लोगों की जान ले ली है।

गर्म हवाओं के चलते दिल्ली वालों को सोमवार गर्मी से राहत नहीं है और आज का न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री ज्यादा, 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 45 डिग्री सेल्सियस है। अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक आद्रता 35 प्रतिशत दर्ज कि गई। कल का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

राजस्थान में गर्मी के प्रकोप से कोई राहत नहीं मिली। राज्य में जैसलमेर और श्रीगंगानगर जिले 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहे। कोटा में अधिकतम तापमान 45.5, बीकानेर में 44.6 और बाड़मेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना में राहत की कोई संभावना नजर नहीं आ रही और भारतीय मौसम विभाग ने दोनों दक्षिणी राज्यों में काफी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

उत्तर प्रदेश में भी लपटें चल रहीं हैं और प्रदेश में सबसे गर्म स्थान इलाहाबाद रहा जहां तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया।

झारखंड के जमशेदपुर में रविवार को मौसम का सबसे गर्म दिन रहा, जहां पारे का स्तर 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ऊपर है।

ओड़िशा में रविवार को गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया। राज्य में नौ जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री जबकि 19 शहरों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया।



आंध्र प्रदेश में 18 मई के बाद से अब तक 246 लोग लू के प्रकोप के चलते मारे जा चुके हैं। प्रदेश में रविवार को 84 और लोग इसका शिकार हो गये। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अलग अलग जिलों से शाम 7:15 बजे तक एकत्रित सूचनाओं के आधार पर आंकड़े तैयार किये गये। अधिकारियों ने कहा कि राज्य के प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा 57 लोग मारे गए।

तेलंगाना के आपदा प्रबंधन विभाग की एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राज्य में शनिवार से लू के कारण 58 लोगों के मारे जाने के साथ अब तक 10 जिलों में कुल 186 लोग मारे जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि नलगोंडा जिले में सबसे ज्यादा 55 लोग, खम्माम जिले में 43 और महबूबनगर जिले में 23 लोग मारे गए हैं। हैदराबाद में लू के कारण दो लोगों की मौत हो गयी। यह मामले तेलंगाना में 15 अप्रैल से दर्ज किये जा रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम शाम साढ़े चार बजे तक चुरू और जयपुर दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस था। जोधपुर, अजमेर और डबोक में अधिकतम तापमान क्रमश: 42, 41.4 और 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
This Article/News is also avaliable in following categories : Headlines
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like