उदयपुर। भारत को आधुनिकता की राह पर अग्रसर करने वाले, सूचना क्रांति के जनक एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को "रक्षाबंधन" धानमंडी स्थित कांग्रेस मीडिया सेंटर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने की। उन्होंने राजीव गांधी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि
“राजीव गांधी भारत के उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने भविष्य को वर्तमान से जोड़ने का साहस किया। उन्होंने तकनीक, शिक्षा और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाया। उनका सपना था एक ऐसा भारत, जो आत्मनिर्भर, वैज्ञानिक सोच वाला और वैश्विक स्तर पर सशक्त हो।”
शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त कर लोकतंत्र को जड़ों तक पहुँचाया और डिजिटल इंडिया की नींव उसी समय रखी थी, जब देश में कंप्यूटर शब्द भी आम नहीं था।राजीव गांधी जी ने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदाता के अधिकारों को प्राथमिकता दी। उन्होंने 18 वर्ष की आयु से मतदान का अधिकार देकर देश के युवाओं को राजनीतिक प्रक्रिया में भागीदार बनाया। साथ ही, उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी ऐतिहासिक कदम उठाए। पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 33% आरक्षण देकर उन्होंने उन्हें निर्णय प्रक्रिया का भागीदार बनाया, जिससे आज लाखों महिलाएं नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आ सकी हैं। उनका बलिदान राष्ट्र के लिए एक अमूल्य क्षति थी।
इस अवसर पर अशोक तंबोली, गोविंद सक्सेना, सुभाष चित्तौड़ा, संजय मंदवानी, कृपाशंकर मिश्रा, सज्जाद खान, निजाम खान, मांगीलाल मेघवाल, नरेश साहू सहित समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने दो मिनट का मौन रखकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन ‘राजीव गांधी अमर रहें’ के नारों के साथ हुआ।