GMCH STORIES

त्वरित टिप्पणी :राजस्थान में पर्यटन को 360 डिग्री बढ़ाने के लिए काम करने का संकल्प 

( Read 3310 Times)

25 Jun 25
Share |
Print This Page

राजस्थान में भजन लाल सरकार ने प्रदेश में हाल ही बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल कर आई ए एस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है।

पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव  राजेश यादव और उनकी नई टीम ने राजस्थान में पर्यटन को 360 डिग्री बढ़ाने के लिए काम करने का संकल्प लिया है। राजस्थान पर्यटन की दृष्टि से विश्व मानचित्र पर अपना एक अलग ही स्थान रखता है। राजस्थान में पर्यटन आर्थिक विकास  का आधार स्तम्भ है। विदेश से आने वाला हर तीसरा पर्यटक राजस्थान में भ्रमण किए बिना अपने देश नहीं लौटता। सरकार का प्रयास है कि राजस्थान में बारह महीने पर्यटन खुला रहे। इसके लिए प्रदेश में नाईट  टूरिज्म और अन्य विभिन्न उपाय किए जा रहे है। विशेष कर धार्मिक और मेडिकल तथा फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मंगलवार को पर्यटन विभाग के नए सचिव राजेश यादव ने विभागीय अधिकारियों की पहली समीक्षा बैठक में कहा कि राजस्थान में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। यह प्रदेश देश और पूरी दुनिया में अद्वितीय स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई क्षेत्रों में पर्यटन विकास किया जा सकता है। इस हेतु योजनाबद्ध कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान के चटकीले रंग आकर्षित करते हैं। यहाँ की शानदार कला—संस्कृति और शौर्यपूर्ण इतिहास भी पर्यटकों के लिए आकर्षित करने वाले हैं। प्रभावी मार्केटिंग  प्रदेश की पर्यटन ब्रांडिंग में बहुत अहम है। 

यादव ने कहा कि राजस्थान में विपुल पर्यटन आकर्षण स्थल हैं, जहां आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे। राज्य में आगन्तुक पर्यटकों के आगमन का डेटा व्यवस्थित रूप से संकलित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई सॉफ्टवेयर अथवा मोबइल ऐप भी विकसित किया जा सकता है। पर्यटन विभाग की आयुक्त  रुक्मणि रियार ने कहा कि पर्यटन को 360 डिग्री बढ़ाने के लिए अधिक काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां ऐसे मेले प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नए ब्रांड के रूप में उभरे जिसमें कला प्रदर्शन के साथ ही कला उत्पादों की बिक्री भी बड़े स्तर पर हो सके।  प्रदेश में भारत सरकार की पर्यटन सम्बंधित योजनाओं का तत्परता और नियोजित रूप से क्रियान्वयन किया जाए।  पर्यटन विकास के साथ ही राजस्थान पर्यटन विकास निगम के पुनरूत्थान को प्राथमिकता दी जाएगी।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी स्वयं  प्रदेश कीपर्यटन मंत्री भी है और अनवरत राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। उम्मीद है उनको नई टीम पर्यटन के परचम को आगे बढ़ाएंगी।

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like