GMCH STORIES

वार्ड नं 16 के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सोनी हुई विजयी

( Read 3691 Times)

09 May 23
Share |
Print This Page
वार्ड नं 16 के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सोनी हुई विजयी

निम्बाहेड़ा।निम्बाहेड़ा नगर पालिका के वार्ड नं 16 के उप चुनाव रविवार को सम्पन्न हुए, जिसकी मतगणना सोमवार प्रातः रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रमेश सिरवी पुनाडिया के निर्देशन में सम्पन्न हुई। इस वार्ड के लिए भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुमित्रा सोनी ने 443 मत प्राप्त करते हुए पांच मतों से विजयश्री हासिल की।

भाजपा नगर मण्डल प्रवक्ता कमलेश बनवार ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी सोनी के विजयी घोषित होते ही मतगणना स्थल के बाहर भाजपा समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए एक दूसरे को बधाई दी तथा भाजपा एवं पूर्व मंत्री कृपलानी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा सोनी के विजयी घोषित होने पर पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने इसे कांग्रेस के साढ़े चार साल के कुशासन, भ्रष्टाचार और गुंडाराज के विरुद्ध जनता का जनादेश बताया। कृपलानी ने कहा कि पिछले चार साल से जनता कांग्रेस राज में हो रहे भ्रष्टाचार एवं क्षेत्र में बढ़ रहे गुंडाराज से त्रस्त हो रही है, विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सम्पन्न हुए इस उप चुनाव में कांग्रेस को हराकर जनता ने अपना जनादेश दर्शा दिया है।

भाजपा की सुमित्रा सोनी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर मंडल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी ने इसे नगर पालिका में कांग्रेस शासित बोर्ड में व्याप्त भ्रष्टाचार की हार बताया। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों ने सत्ता के नशे में मदमस्त नगर पालिका के कांग्रेस शासित बोर्ड के भ्रष्टाचार से परिपूर्ण कामों को नकारते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को धूल चटाई है। साथ ही उन्होंने कहा कि टीम भावना से प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा किये गए प्रयास से ही परिणाम अनुकूल आये है।

प्रवक्ता कमलेश बनवार ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी श्रीमति सुमित्रा सोनी के विजयी घोषित होने के पश्चात पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में वार्डवासियों को धन्यवाद देने के लिए बैंड बाजे के साथ जुलूस निकाला गया। इस दौरान पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, वार्ड चुनाव प्रभारी पारसमल पारख, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रहलाद सोनी, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, सुरेश खेरोदिया, ललित प्रकाश शारदा आदि वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद रहे।

अंत में पूर्व मंत्री कृपलानी ने इस वार्ड उप चुनाव में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले समस्त वार्डवासियों के प्रति आभार प्रकट किया तथा भाजपा  नगर मंडल सहित महिला मोर्चा, भाजयुमो नगर मण्डल, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए उनकी टीम भावना के साथ की गई मेहनत के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विजयी भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा सोनी ने भी वार्डवासियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए वार्ड के विकास में सदैव तत्पर रहने का विश्वास दिलाया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Headlines , Chittor News
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like