बांसवाड़ा /गायत्री मण्डल द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में विघ्नराज संकष्टी चतुर्थी पर गणपति अर्चन अनुष्ठान शनिवार रात गणेश आरती, पुष्पान्जलि विधान तथा विनायक नाम संकीर्तन के साथ बीती रात सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर विनायक स्तवन, सिद्धिबुद्धि सहित गणेश का षोड़शोपचार पूजन एवं विनायक महापूजा के उपरान्त अष्टोत्तरशत गणपति अथर्वशीर्ष के सामूहिक पाठ से पंचमेवा और विभिन्न दिव्य व्यंजनों के साथ अर्चन व दैवीय भोग अर्पण अनुष्ठान किया गया।
गणपति स्तवन एवं अर्पण विधान में नगेन्द्र दोसी, अशोक गुप्ता, बापूलाल गुप्ता, ललित गुप्ता, जगदीशचन्द्र सागवाड़िया, लोकेन्द्र गुप्ता, यतीश गुप्ता, आशा दोसी, सोनिका गुप्ता, नीलू सागवाड़िया, रीना गुप्ता, अंशी गुप्ता, अर्चित गुप्ता, वेदी गुप्ता, अंकित आचार्य आदि भक्तों ने हिस्सा लिया और श्रृद्धा-भक्ति के साथ गणपति को पंचमेवा, मोदक आदि अर्पण करने के उपरान्त सामूहिक विनायक आरती की तथा पुष्पान्जलि अर्पित की।
इससे पूर्व वैदिक परम्पराओं के अनुरूप गणपति पूजा विधान आश्रम के मुख्य साधकों पं. चन्द्रेश व्यास, पुष्पा व्यास, कल्पना डिण्डोर, यश सराफ, योगिता आचार्य, मनोज नरहरि भट्ट, पं. निकुंज सोनी ‘निक्कु’, हेंस व्यास, पं. अनिल नरहरि एच. भट्ट आदि ने पूर्ण किए और गणपति स्तपन के साथ ही विभिन्न स्तोत्रों के सामूहिक पाठ किए।
पुष्प-अक्षतार्चन अनुष्ठान
इससे पूर्व आश्रम के हनुमत्पीठ परिसर में बिराजमान श्रीहनुमानजी के श्रीविग्रह पर हनुमान सहस्रनामावली से पुष्पार्चन एवं अक्षतार्चन अनुष्ठान आश्रम के साधकों एवं साधिकाओं ने किए तथा अन्त में हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ व विजय मंत्र जाप किए गए। शनिवारीय नियमित अनुष्ठानों के साथ एकादश रूद्र की आरती भी की गई।