तीन दिवसीय ‘स्वयं सिद्धा’ प्रदर्शनी प्रारम्भ,

( 1212 बार पढ़ी गयी)
Published on : 01 Nov, 25 15:11

उद्यमी महिलाओं ने दिखाया हुनर, दिखी आत्मनिर्भर भारत की झलक

तीन दिवसीय ‘स्वयं सिद्धा’ प्रदर्शनी प्रारम्भ,

उदयपुर। लघु उद्योग भारती, मुख्य महिला इकाई उदयपुर के तत्वावधान में आज से सोभागपुरा सौ फीट रोड स्थित शुभकेसर गार्डन में तीन दिवसीय प्रदर्शनी “स्वयं सिद्धा 2025” का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में देशभर से आई महिला उद्यमियों ने अपने कौशल और सृजनशीलता का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिससे आत्मनिर्भर भारत की झलक साफ दिखाई दी।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, विशिष्ट अतिथि संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी, लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा तथा प्रांत अध्यक्ष महेश हुरकट रहे। जिन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर उत्पादों को सराहा एवं महिलाओं का हौंसला बढ़ा़या।
अध्यक्षा सीमा पारिक एवं सचिव रेखा रानी जैन ने बताया कि यह प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुली रहेगी। पहले दिन अंशू पाहुजा द्वारा लिपन कला कार्यशाला आयोजित की गई, वहीं शाम को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का सम्मान समारोह हुआ। रात्रि में श्रुति संगीत विद्यालय द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
कल, 2 नवम्बर को अपराह्न 3 बजे हंसा न्याती द्वारा किचन गार्डनिंग पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे नारी गौरव सम्मान तथा रात्रि 7 बजे मधुराष्टकम् और वरिष्ठजनों द्वारा दशावतार युगल प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम का संचालन विरासत समूह की शैली श्रीवास्तव करेंगी।
लघु उद्योग भारती महिला इकाई उदयपुर द्वारा आयोजित यह आयोजन महिलाओं के स्वावलंबन और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का सशक्त प्रयास है। इसमें पूरे भारतवर्ष की महिला उद्यमी एक सौ एक स्टॉल्स पर अपने हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, ज्वेलरी, होम डेकोर, हैंडमेड और क्रिएटिव उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं।
यह प्रदर्शनी न केवल व्यापारिक अवसरों का मंच है, बल्कि नेटवर्किंग, कौशल विकास कार्यशालाओं और प्रेरणादायक सत्रों के माध्यम से महिलाओं को नई दिशा देने वाला आयोजन भी सिद्ध हो रही है। आज उदयपुर की महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर इस आत्मनिर्भरता उत्सव में भाग लिया और “आत्मनिर्भर नारी, आत्मनिर्भर भारत” के अभियान को सशक्त बनाया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.