उदयपुर, 14 अक्टूबर: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT) के प्रशासनिक कार्यालय में कल्याण समिति द्वारा माननीय कुलगुरु डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक के एमपीयूएटी में तीन वर्षों के स्वर्णिम सेवा काल पूर्ण होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 15 अक्टूबर 2025 को डॉ. कर्नाटक का तीन साल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। नए कुलपति की नियुक्ति तक माननीय राज्यपाल महोदय ने वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा के कुलगुरु डॉ. बी. एल. वर्मा को MPUAT कुलगुरु का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है, जिन्हें 15 अक्टूबर को अपना कार्यभार ग्रहण करना है।
कार्यक्रम में कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री दिनेश सुखवाल ने बताया कि समारोह में कुल सचिव श्री अशोक कुमार, वित्त नियंत्रक महादय दर्शना गुप्ता, निदेशक योजना एवं अधिष्ठाता सीटीआई डॉ. सुनील जोशी, विशेष अधिकारी डॉ. सुबोध शर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आर. एच. मीना, कल्याण समिति सचिव जगत सिंह पवार, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, कुलपति सचिवालय से पूर्व निजी सचिव श्री नारायण सिंह चौहान, कुलपति निजी सचिव श्री विशाल अजमेर, उपाध्यक्ष श्री एल. एन. सालवी, एवं अन्य पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यकारिणी ने डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक को प्रशस्ति पत्र, उपर्णा, शाल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। श्री अशोक कुमार ने उन्हें श्रेष्ठ प्रशासक बताते हुए सुखमय भविष्य की कामना की। मैडम दर्शना गुप्ता ने कहा कि डॉ. कर्नाटक सहृदय, स्नेही और अविस्मरणीय प्रतिभा के धनी हैं और उन्होंने तीन विश्वविद्यालयों का कार्यभार कुशलतापूर्वक संभाला।
उपाध्यक्ष श्री सालवी ने कहा कि विश्वविद्यालय और इसके कर्मचारी डॉ. कर्नाटक को स्नेह और आदर के साथ याद रखेंगे और उनकी प्रेरणा से भविष्य में प्रगति के लिए प्रयासशील रहेंगे। डॉ. कर्नाटक ने भी कर्मचारियों की निष्ठा और लगन की सराहना की और विश्वविद्यालय को प्रदेश एवं देश में अग्रणी बनाने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम हरी मीणा ने किया और अंत में कल्याण समिति अध्यक्ष श्री दिनेश सुखवाल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।