संगठन सृजन से कांग्रेस और देश दोनों ओर मजबूत होंगे – यशोमती ठाकुर

( 3727 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Oct, 25 14:10

संगठन सृजन से कांग्रेस और देश दोनों ओर मजबूत होंगे – यशोमती ठाकुर

उदयपुर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा “संगठन सृजन अभियान” हेतु नियुक्त पर्यवेक्षक यशोमती ठाकुर ने उदयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2025 को “संगठन सृजन वर्ष” के रूप में घोषित किया है। इसी क्रम में चलाया जा रहा “संगठन सृजन अभियान” अब तक गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड और हरियाणा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। दिसंबर तक यह अभियान राजस्थान में भी संपन्न कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंच बनाना है ताकि हर स्तर पर मजबूती आए और संगठन के साथ-साथ देश भी सशक्त बने।

“संगठन सृजन अभियान से न केवल कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी, बल्कि देश भी मजबूत होगा,” — यशोमती ठाकुर ने कहा।

ठाकुर ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मकसद केवल संगठनात्मक पुनर्गठन नहीं, बल्कि सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जब संगठन में समानता और सद्भाव की भावना बढ़ेगी, तभी देश की सुरक्षा और स्थिरता भी सुनिश्चित होगी।

“स्लीपर सेल” पर बोलीं ठाकुर – पार्टी ने किया विश्वास, पर ग़लत निकले लोग

वार्ता के दौरान यशोमती ठाकुर ने उन कार्यकर्ताओं पर भी प्रतिक्रिया दी जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा —

“यह सही है कि कांग्रेस ने उदयपुर से गौरव वल्लभ को टिकट दिया था, लेकिन वे भाजपा में चले गए। पार्टी ने उन पर विश्वास जताया, पर वे गलत निकले। ऐसे लोग स्लीपर सेल की तरह होते हैं, जो संगठन की आत्मा को कमजोर करने का प्रयास करते हैं। मगर अब कांग्रेस ऐसी गलतियों से सीख लेकर अपने संगठन को और अधिक सजग बना रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि “संगठन सृजन अभियान” का उद्देश्य ऐसे ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ताओं की पहचान करना है, जो पार्टी के मूल सिद्धांतों और विचारधारा के प्रति निष्ठावान हों।

ठाकुर ने बताया कि अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ-साथ सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
“हम हर ब्लॉक में जाकर पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा करेंगे ताकि संगठन की नींव और गहरी हो सके,” उन्होंने कहा।

उन्होंने यह भी बताया कि 10 अक्टूबर तक सभी ब्लॉकों का दौरा कार्यक्रम तय कर लिया गया है।

प्रेस वार्ता में उनके साथ पीसीसी ऑब्जर्वर चेतन डूडी, अभिषेक चौधरी, गोविंद डांगा, उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, जगदीश राज श्रीमाली, पीसीसी उपाध्यक्ष हीरा लाल दरांगी, पूर्व मंत्री मांगी लाल गरासिया, पीसीसी महासचिव पंकज शर्मा, सुरेश सुथार, देहात प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित, शहर प्रवक्ता पंकज पालीवाल, गजेंद्र कोठारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.