युवा उत्कर्ष साहित्यिक मंच (पंजीकृत न्यास) के अध्यक्ष रामकिशोर उपाध्याय द्वारा एक विज्ञप्ति जारी कर मौलिक सृजन के प्रोत्साहन एवं हिंदी साहित्य - संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान हेतु वर्ष-2025 के शीर्षस्थ सम्मान देश के विभिन्न राज्यों के चयनित आठ साहित्यकारों को दिए जाने की घोषणा की है। ये सम्मान आगामी 2 नवंबर 2025 को श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग स्थित दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी ( गीतांजलि सभागार) में प्रातः 10.30 बजे आयोजित 12 वां अखिल भारतीय साहित्य महोत्सव एवं सम्मान समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
उपाध्याय ने बताया कि पुरस्कार राशि के अतिरिक्त मंच की ओर से सभी पुरस्कार गृहीताओं को सम्मान पत्र ,शाल और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए जायेंगे। भारतेंदु हरिश्चंद्र शीर्षस्थ सम्मान से पीजी.डी.ए.वी. कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के हिंदी विभाग के प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार कैन को पुरस्कार राशि 11 हजार रुपए पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
महादेवी वर्मा शीर्षस्थ महिला लेखन सम्मान से श्रीमती मृदुला श्रीवास्तव, शिमला, हिमाचल प्रदेश को पुरस्कार राशि 7 हजार 100 रूपये से सम्मानित किया जाएगा। अनूप श्रीवास्तव स्मृति हास्य व्यंग्य साहित्य सम्मान से डॉ. ब्रज पाल सिंह संत, शाहदरा, दिल्ली को पुरस्कार राशि 5100 रुपये से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्व. डी.पी.चतुर्वेदी स्मृति लाइफ टाईम अचीवमेंट सम्मान से डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, कोटा, राजस्थान को पुरस्कार राशि 5100 रुपए से सम्मानित किया जाएगा।
केदार नाथ शर्मा स्मृति अमीर खुसरो युवा सम्मान से डॉ. प्रभांशु कुमार, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश को पुरस्कार राशि 5100 रुपये से सम्मानित किया जाएगा।
उपाध्याय ने बताया कि श्रीमती कमलेश प्रशांत स्मृति बाल साहित्य सम्मान से लाल देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, बस्ती, उत्तर प्रदेश पुरस्कार राशि 5100रुपये से सम्मानित किया जाएगा। विनोद झा एवं आकाश झा स्मृति साहित्य सम्मान से चरण सिंह अमी, इंदौर, मध्य प्रदेश पुरस्कार राशि 5100 रुपये से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. देवेंद्र शर्मा स्मृति कथा सम्मान से डा.रमा द्विवेदी, हैदराबाद, तेलंगाना को पुरस्कार राशि 5100 रुपये से सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि युवा उत्कर्ष साहित्यिक मंच गत ग्यारह वर्षों से हिंदी साहित्य सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु देश भर से चयनित साहित्यकारों को सम्मानित करता चला आ रहा है।