वोट चोर–गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत

( 932 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Sep, 25 03:09

भाजपा पर लगे लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप

वोट चोर–गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत

 

उदयपुर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘वोट चोर–गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान’ की शुरुआत आज उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा की गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने के गंभीर आरोप लगाए।

उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित ने बताया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में प्रेस वार्ता में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि अब हर नागरिक निष्पक्ष और साफ-सुथरी वोटर लिस्ट की उम्मीद करता है। इसीलिए कांग्रेस ने एक माह तक चलने वाले इस अभियान में चरणबद्ध तरीके से पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता से हस्ताक्षर करवाने का निर्णय लिया है।

इंदिरा मीणा का आरोप: भाजपा वोट चोरी कर सरकार चला रही

अभियान की शुरुआत में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रभारी एवं विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि भाजपा वोट चोरी कर सरकार बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री तक कोई निर्णय नहीं ले पाते और न ही मंत्रियों की कोई सुनता है। राजस्थान की ‘पर्ची सरकार’ जनता से जुड़े मुद्दों से भाग रही है और विधानसभा में विधायकों की जासूसी तक कर रही है।

कचरू लाल चौधरी बोले: सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है

उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। स्कूलों में शिक्षक और अस्पतालों में चिकित्सक नहीं हैं, सड़के टूटी हुई हैं और जनता अतिवृष्टि की मार झेल रही है। उन्होंने कहा—
“राजस्थान में सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है। दिल्ली से पर्ची आती है तो काम होता है, वरना कोई काम नहीं।”

सुशील पारीक: लोकतंत्र को कमजोर कर रही ‘पर्ची सरकार’

अभियान प्रभारी सुशील पारीक ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र के खिलाफ अक्षम्य अपराध है। यह किसी पार्टी की नहीं बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि ‘पर्ची सरकार’ लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और इसके खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा।

आगे की रणनीति

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी तीन दिनों तक विधानसभा स्तर पर, उसके बाद ब्लॉक और मंडल स्तर पर पदाधिकारियों से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक घर-घर जाकर आमजन को वोट चोरी की हकीकत बताई जाएगी और उनके हस्ताक्षर लिए जाएंगे। अभियान की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंपी जाएगी।

बैठक में खेरवाड़ा विधायक डॉ. दया राम परमार, पूर्व विधायक बसंती देवी मीणा, पूर्व राज्य मंत्री असरार अहमद खान, पीसीसी उपाध्यक्ष हीरा लाल दरांगी, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, जिला परिषद सदस्य विश्ल्या कोठारी, महिला कांग्रेस की शांता प्रिंस, युवा कांग्रेस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.