उदयपुर, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर की 65वीं प्रबंध मंडल बैठक विश्वविद्यालय प्रशासनिक कार्यालय में कुलपति डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में विधायक डॉ. सुरेश धाकड़, डॉ. सुरेन्द्र कोठारी, श्री सुहास मनोहर, डॉ. वी.डी. मुदगल, डॉ. कविता जोशी, डॉ. अरविन्द वर्मा, डॉ. लोकेश गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. बी.डी. कुमावत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कुलपति डॉ. कर्नाटक ने जानकारी दी कि:
एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में एमपीयूएटी ने राज्य वित्तपोषित विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
गुणवत्तापूर्ण शोध परिणामों के कारण विश्वविद्यालय ने 83 स्कोपस इंडेक्स और 81 गूगल एच-इंडेक्स हासिल किया।
विश्वविद्यालय को लगातार कई वर्षों से माननीय राज्यपाल द्वारा स्मार्ट विलेज इनिशिएटिव के तहत कुलाधिपति सम्मान प्राप्त हो रहा है।
पिछले 3 वर्षों में 43 पेटेंट और 33 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ एमओयू किए गए हैं।
डॉ. कर्नाटक ने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के अधिकारियों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को देते हुए कहा कि एमपीयूएटी, उत्कृष्ट कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचारों को किसानों तक पहुँचाने के अपने गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय, माननीय प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में सतत विकास हेतु प्रतिबद्ध है।
बैठक के अंत में अनुसंधान निदेशक डॉ. अरविन्द वर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।