जिला कलक्टर ने सुबह 6 बजे किया शहर का आकस्मिक निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सफाई, जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया

( 1061 बार पढ़ी गयी)
Published on : 08 Jul, 25 10:07

सफाई, पौधारोपण और सौन्दर्यकरण के लिये अधिकारियों को दिये निर्देश

जिला कलक्टर ने सुबह 6 बजे किया शहर का आकस्मिक निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सफाई, जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को सुबह 6 बजे शहर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र में साफ-सफाई, वर्षा जल निकासी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। साथ ही हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण एवं सौन्दर्यकरण के लिये भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिला कलक्टर ने सुबह 6 बजे आकस्मिक निरीक्षण एसएसबी रोड से आरम्भ किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को देखा और नगर परिषद, नगर विकास न्यास अधिकारियों से सफाई बाबत जानकारी ली। एसएसबी रोड़ पर फैले कचरे को देखकर जिला कलक्टर ने इसके निस्तारण, ब्लॉक नाले की साफ-सफाई और पुलिया निर्माण के निर्देश दिये। नगर विकास न्यास और नगर परिषद अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समुचित कचरा निस्तारण के साथ-साथ क्षेत्र में बेसहारा पशुओं को गौशाला में रखवाया जाये।
यहां से होते हुए जिला कलक्टर ने मीरा चौक की गली नम्बर 3 में खाली भूखण्ड पर फैले कचरे के निस्तारण के निर्देश दिये। अधिकारियों द्वारा शिव नगर की गली नम्बर 8, तीन ई छोटी सहित आसपास के क्षेत्र में भी निरीक्षण किया गया। यहां से अधिकारी साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए वृद्धाश्रम रोड़ पहुंचे। नगर विकास न्यास कार्यालय के आसपास क्षेत्र का निरीक्षण करने के पश्चात अधिकारियों ने सूरतगढ़ रोड़ स्थित डिवाइडर पर पौधारोपण कार्य का अवलोकन किया।
इसके पश्चात जिला कलक्टर ने नगर विकास न्यास द्वारा वर्षा जल निकासी के लिये निर्मित डिग्गियों का अवलोकन किया। नगर विकास न्यास सचिव श्री अशोक असीजा द्वारा अवगत करवाया गया कि वर्षा जल निकासी के लिये आवश्यक तैयारियां पूर्ण हैं। अधिकारियों को दिशा-निर्देश देने के बाद जिला कलक्टर ने सद्भावना नगर और बसंती चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके पश्चात जस्सा सिंह मार्ग से होते हुए जिला कलक्टर पुरानी आबादी क्षेत्र पहुंचीं। यहां उन्होंने ट्रक यूनियन पुलिया, उदाराम चौक, लीला धर्मशाला, ताराचंद वाटिका सहित अन्य क्षेत्रों का अवलोकन किया।
ताराचंद वाटिका पार्क का अवलोकन करते हुए जिला कलक्टर ने साफ-सफाई, पौधारोपण और सौन्दर्यकरण के लिये नगर परिषद अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल निकासी की पूर्ण व्यवस्था की जाये। जल निकासी के अभाव में आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए। समस्त नाले-नालियों की नियमित सफाई करवाई जाये। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत क्षेत्र में अधिकाधिक पौधारोपण करने के लिये संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि रोपे गये पौधों की सार-संभाल भी सुनिश्चित की जाये। इस कार्य में आमजन सहित विभिन्न संस्थाओं का सहयोग लिया जाये।
निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, नगर परिषद आयुक्त श्री रविन्द्र कुमार यादव, एसडीएम गंगानगर श्री रणजीत कुमार, जोधपुर डिस्कॉम एसई श्री वी.आई परिहार, पीडब्ल्यूडी एसई श्री भीमसेन स्वामी, श्री मंगत सेतिया, श्री सुरेन्द्र पूनिया, श्री देवेन्द्र राठौड़ सहित अन्य मौजूद रहे


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.