विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी फ्रांस एवं जर्मनी की सात दिवसीय यात्रा से गुरुवार को स्वदेश लोटेंगे*

( 730 बार पढ़ी गयी)
Published on : 26 Jun, 25 03:06

जयपुर में होगा भव्य स्वागत

विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी फ्रांस एवं जर्मनी की सात दिवसीय यात्रा से गुरुवार को स्वदेश लोटेंगे*

 

नई दिल्ली/जयपुर,राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी फ्रांस एवं जर्मनी की सात दिवसीय यात्रा से गुरुवार को तड़के दो बजे  नई दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे और नई दिल्ली से वायुयान द्वारा प्रातः जयपुर पहुंचेंगे। देवनानी का गुरुवार को प्रातः जयपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

 

देवनानी की राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के तत्वाधान में दो देशों की संसदीय परंपराओं और पद्धतियों की यह अध्ययन यात्रा लोकतान्त्रिक व्यवस्थाओं के तुलनात्मक अध्ययन की दृष्टि से महत्वपूर्ण रही। इस यात्रा ने राजस्थान की वैश्विक पहचान को भी एक नई गरिमा और दिशा प्रदान की है ।

 

देवनानी ने फ्रांस और जर्मनी के विभिन्न राजनीतिक, सांस्कृतिक एवं अकादमिक संस्थानों का दौरा कर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय कार्यप्रणालियों और सामाजिक विकास के विविध पहलुओं का अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने जर्मनी तथा फ्रांस की  लोकतांत्रिक संस्थाओं का अवलोकन किया और वरिष्ठ सांसदों, नीति-निर्माताओं तथा भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। देवनानी ने प्रवासी भारतीयों के सुझावों को सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

 

इस यात्रा के दौरान देवनानी ने "इंडो-जर्मन फाउंडेशन", "वेदांत-गेसेलशाफ्ट", बर्लिन मेयर ऑफिस और स्टेट असेंबली, निर्माणाधीन गणेश मंदिर सहित विभिन्न आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक धरोहरों का अवलोकन किया। जर्मनी और फ्रांस के राजदूतवास में प्रवासी भारतीयों द्वारा सम्मान समारोह और संवाद कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए भारतीय संस्कृति, लोकतंत्र एवं राजस्थान की समृद्ध परंपराओं को वैश्विक मंच पर गरिमा के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भी आत्मीय संवाद कर उन्हें राजस्थान से जुड़ने एवं राज्य की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

 

विधानसभाध्यक्ष देवनानी की यह विदेश यात्रा न केवल एक संसदीय अध्ययन के रूप में उल्लेखनीय रही, बल्कि इसने भारत और यूरोपीय देशों के बीच लोकतांत्रिक सहयोग, सांस्कृतिक समरसता और पारस्परिक समझ को भी सुदृढ़ किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.