जैसलमेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को एक दिवसीय रामदेवरा दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने मावा गांव स्थित हरखेरी नाड़ी पर वंदे गंगा जल पूजन किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश सहित जिलेवासियों की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोदारा ने कहा कि तालाब, नाड़ी, कुएं एवं पोखर हमारे पारंपरिक जल स्रोत हैं। पहले की पीढ़ियों के लिए यही एक मात्र पानी के स्त्रोत थे, लोग इन्हीं जल स्रोतों से पानी पीती थे। इन सभी प्राचीन जल स्रोतों को संरक्षित एवं स्वच्छ रखना हम सबका कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने जल संरक्षण के लिए इस विशेष वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत जन सहयोग से इन प्राचीन संरचनाओं को सुरक्षित एवं संरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान मंत्री श्री गोदारा ने नाड़ी के पद वृक्षारोपण कर प्रकृति प्रेम एवं वृक्षारोपण का संदेश दिया।
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों एवं आमजन से आगामी वर्षा ऋतु में अपने घर के आस पास, सार्वजनिक स्थानों, मैदानों, रोड के दोनों साइड एवं खेतों में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि आप सब की भागीदारी से यह अभियान एक जन अभियान बन सकेगा। इस अवसर पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सहित उपस्थित सभी संम्भागियों ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शपथ ली।
इस दौरान पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी, जिला कलक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, प्रधान सांकड़ा समिति भगवत सिंह तंवर, पोकरण उपखण्ड अधिकारी लाखाराम, सरपंच रामदेवरा समंदर सिंह तंवर ,जनप्रतिनिधि, समाजसेवी सहित कई अन्य अधिकारी सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।