उदयपुर : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास को शुक्रवार को राजस्थान कांग्रेस के शीर्ष नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहन श्रद्धा और भावनात्मक वातावरण में अंतिम विदाई दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, धर्मेंद्र राठौर, लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व कलेक्टर तारा चंद मीणा, संदीप चौधरी, पवन गोदारा सहित कई दिग्गज नेता दैत्य मगरी स्थित उनके निवास पर पहुंचे।
सभी नेताओं ने डॉ. व्यास के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज और पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि इस अवसर पर डोटासरा ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी तथा लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा के अनुसार, डॉ. व्यास की अंतिम यात्रा अपराह्न 4:00 बजे उनके निवास से शुरू हुई। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भावुक माहौल में शामिल हुए।
इस अंतिम यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कंधा देकर अंतिम सम्मान भी प्रदान किया।
"गिरिजा व्यास अमर रहें" और "गिरिजा व्यास ज़िंदाबाद" के गगनभेदी नारों से माहौल गूंज उठा, मानो पूरा उदयपुर इस विदाई में सहभागी हो गया हो।
भावभीनी विदाई के साथ अंतिम यात्रा दैत्य मगरी से अशोकनगर श्मशान घाट पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई गोपाल शर्मा ने मुखाग्नि दी और वे पंचतत्व में विलीन हो गईं।
कांग्रेस परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं।
डॉ. गिरिजा व्यास की सादगी, संघर्षशीलता और निष्कलंक सार्वजनिक सेवा को युगों-युगों तक स्मरण किया जाएगा।
साभार :
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.