पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का निधन, कांग्रेसजनों में शोक की लहर

( 1276 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 May, 25 06:05

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का निधन, कांग्रेसजनों में शोक की लहर

उदयपुर :  गुरुवार को सायं 7:30 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास का अहमदाबाद के ज़ायडस अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले एक महीने से अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थीं।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया की उनका इलाज  अहमदाबाद के ज़ायडस अस्पताल में किया जा रहा था!

डॉ. व्यास के निधन के समय उनके भाई एवं पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, पुष्पा शर्मा, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. अलका शर्मा सहित समस्त परिजन उपस्थित थे।

पंकज शर्मा ने बताया कि डॉ. गिरिजा व्यास का पार्थिव शरीर देर रात तक उदयपुर पहुंचेगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके देत्य मगरी आवास पर 2 मई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा जाएगा, तथा उसी दिन उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

डॉ. व्यास के निधन पर समस्त कांग्रेसजनों में गहरा शोक व्याप्त है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट, पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, उदयपुर सांसद प्रत्याशी एवं पूर्व कलेक्टर ताराचंद मीणा, शहर अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष कचरुलाल चौधरी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।

पंकज शर्मा ने इसे राजस्थान एवं विशेषकर मेवाड़ क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.