जयपुर/नई दिल्ली । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया का सोमवार को जयपुर में राज्य विधान सभा भवन पहुँचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
देवनानी ने कटारिया को राजस्थान विधान सभा में नवाचारों का एक वर्ष पुस्तक, विक्रम संवत 2082 की विधान सभा डायरी, विधान सभा के वॉल और टेबल कैलेण्डर और विधान सभा दूरभाष निर्देशिका भेंट की।साथ ही देवनानी ने कटारिया का दुपट्टा पहनाकर अभिनन्दन किया।
देवनानी और कटारिया की राजस्थान विधान सभा सहित अनेक बिन्दुओं पर लगभग आधे घंटे तक चर्चा हुई। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया ने राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष देवनानी द्वारा भारतीय वर्ष के अनुसार डायरी प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे युवा पीढी को तिथियों की जानकारी से अवगत कराने वाली अभिनव पहल बताया। श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधान सभा का यह प्रकाशन अन्य राज्य विधानसभाओं के लिए भी अनुकरणीय है।
देवनानी ने कटारिया को बताया कि महापुरुषों के स्मरण को बनाये रखने के लिए विधान सभा दैनन्दिनी में महापुरुषों के चित्रों को शामिल किया गया है ताकि उनके आदर्श जीवन से लोग प्रेरणा ले सके। डायरी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप, भगवान महावीर, डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम, सुभाष चन्द्र बोस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, सरदार वल्लभ भाई पटेल, केसरी सिंह बारहठ, अरविन्द घोष, स्वामी विवेकानंद, अहिल्या बाई होल्कर और भगत सिंह के चित्रों का समावेश किया गया है।
*परशुराम जयन्तीं पर प्रदेशवासियों को श्री देवनानी की शुभकामनाएँ*
वासुदेव देवनानी ने परशुराम जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। देवनानी ने कहा है कि सनातन जगत के आराध्य भगवान परशुराम ने योगी होते हुए भी शस्त्र उठाकर सत्य, समानता एवं सामाजिक न्याय की अवधारणा विकसित की। भगवान परशुराम की क्षमाशीलता, दानशीलता, सनातन मर्यादा, न्याय प्रियता, मातृ-पितृ भक्ति समस्त मानव समाज के लिए अनुकरणीय है।
*जवाहर सिंह बेढम की कुशलक्षेम पूछी
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने एस.एम.एस अस्परताल पहुँचकर वहां ईलाज ले रहे गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम का उपचार कर रहे चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। देवनानी ने बेढम की कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए कामना की।
*देवनानी ने संवेदना व्यक्त की-*
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने पूर्व मंत्री महेश जोशी की पत्नी कौशल जोशी के निधन होने पर दु:ख व्यक्त किया है। देवनानी ने जोशी के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत की आत्म शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की है।