पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी की पुण्य तिथि पर स्मरण

( 1638 बार पढ़ी गयी)
Published on : 29 Mar, 24 04:03

पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी की पुण्य तिथि पर स्मरण

बांसवाड़ा / गायत्री मण्डल के संस्थापक सदस्य एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को गायत्री मण्डल द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित की गई।

गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस स्मृति कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी के प्रति पदाधिकारियों, सदस्यों एवं आश्रम के साधक-साधिकाओं की ओर से वैदिक एवं पौराणिक शान्ति सूक्त तथा मंत्रों के साथ भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित की गई और उनकी अतुलनीय सेवाओं के साथ ही विराट व्यक्तित्व एवं कर्मयोग का स्मरण किया गया। इस दौरान् श्री हनुमत्पीठ परिसर में विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता ने हरिदेव जोशी के दिव्य एवं दैवीय व्यक्तित्व के अहम् पहलुओं का स्मरण कराते हुए राजस्थान के नवनिर्माण के साथ ही वागड़ के विकास में उनकी उल्लेखनीय भूमिका पर प्रकाश डाला।

मण्डल के उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी ने युगपुरुष हरिदेव जोशी के प्रति श्रद्धान्जलि अर्पित करते हुए गायत्री मण्डल की स्थापना एवं आश्रम के लिए भूमि आवंटन के लिए उनके द्वारा प्रदत्त सहयोग का स्मरण करते हुए कहा कि जोशी ने गायत्री मण्डल के संस्थापक अध्यक्ष ब्रह्मर्षि पं. महादेव शुक्ल के संकल्पों को साकार करने की दिशा में अविस्मरणीय योगदान देने के साथ ही मण्डल के विभिन्न आयोजनों में भागीदारी निभाते हुए धर्म-अध्यात्म एवं प्राच्यविद्याओं के संरक्षण-संवर्धन एवं प्रशिक्षण के प्रकल्पों में हमेशा सक्रियता दिखायी। इसी का परिणाम है कि पिछले पांच दशकों से मण्डल इन प्रवृत्तियों में उल्लेखनीय इतिहास कायम करता रहा है।

इस अवसर पर गायत्री मण्डल के संरक्षक नरहरि आर. भट्ट, सचिव विनोद शुक्ल, कोषाध्यक्ष पं. विनय भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य अरुण व्यास, आश्रम के कार्यक्रम समन्वयक मनोज नरहरि भट्ट, रमेश आर. भट्ट, चन्द्रेश व्यास, वास्तु परिषद के संयोजक चन्द्रशेखर जोशी, साहित्य परिषद के संयोजक भंवर गर्ग ‘मधुकर’, अजय अधिकारी, श्रीमती पुष्पा व्यास, श्रीमती रचना व्यास, किशोर पाठक आदि ने विचार रखे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.