पीताम्बरा आश्रम में आध्यात्मिक चेतना संकल्प सभा,

( 2382 बार पढ़ी गयी)
Published on : 18 Feb, 24 13:02

राजस्थान उपभोक्ता आयोग के सदस्य शैलेन्द्र भट्ट का अभिनन्दन

पीताम्बरा आश्रम में आध्यात्मिक चेतना संकल्प सभा,

वागड़ के बहुआयामी वैभव का संरक्षण-संवर्धन वर्तमान पीढ़ी का दायित्व

बाँसवाड़ा, 18 फरवरी/ राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य एवं प्रमुख सामाजिक चिन्तक शैलेन्द्र भट्ट ने वागड़ अंचल के परम्परागत एवं बहुआयामी धार्मिक, साँस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वैभव को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए इस विलक्षण थाती को भावी पीढ़ियों तक संवहित करने समर्पित दायित्वों एवं सामूहिक प्रयासों पर बल दिया है और कहा कि यह कार्य मौजूदा पीढ़ी का सर्वोपरि एवं अहम् फर्ज है।

आयोग सदस्य शैलेन्द्र भट्ट ने गायत्री मण्डल की ओर से संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में आध्यात्मिक चेतना संकल्प सभा में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। सभा की अध्यक्षता गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व आयुक्त दिलीप गुप्ता ने की।

अपने उद्बोधन में राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य शैलेन्द्र भट्ट ने वागड़ की विलक्षण परम्पराओं, बहुविध वैभव एवं अन्यतम मौलिक विरासतों के साथ ही धार्मिक, आध्यात्मिक एवं परिवेशीय ख़ासियतों पर चर्चा की और कहा कि इन्हें बनाए रखते हुए विकास एवं विस्तार गतिविधियों को आगे बढ़ाने का दायित्व हम सभी को बेहतर ढंग से निभाने आगे आना होगा। भट्ट ने कहा कि इस दिशा में किए जाने वाले प्रयासों में उनकी ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने गायत्री मण्डल की गतिविधियों को इस दिशा में अनुकरणीय एवं स्तुत्य बताते हुए कहा कि इसके संस्थापक और जाने-माने प्राच्यविद्यामर्मज्ञ ब्रह्मर्षि पं. महादेव शुक्ल के संकल्पों को साकार करने की दिशा में किए जा रहे कार्य नया इतिहास रच रहे हैं। इनमें सहभागिता निभाने के लिए सभी को मुक्त भाव से आगे आने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर गायत्री मण्डल की ओर से राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग के सदस्य शैलेन्द्र भट्ट का अभिनन्दन किया गया। मण्डल के संरक्षक दिलीप गुप्ता, सचिव विनोद शुक्ला, उपाध्यक्ष अनिमेष पुरोहित, सह सचिव सुभाष भट्ट एवं वास्तुविद् चन्द्रशेखर जोशी ने पुष्पहार, पगड़ी एवं शॉल से भट्ट का अभिनन्दन किया और रचनात्मक गतिविधियों के प्रोत्साहन एवं सम्बलन के लिए उनकी सराहना की।

गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में राज्य आयोग के सदस्य भट्ट का स्वागत करते हुए उन्हें प्रेरणादायी रचनात्मक कार्यकर्ता एवं सकारात्मक व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि बांसवाड़ा की सृजनात्मक गतिविधियों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

आरंभ में गायत्री मण्डल के संरक्षक पं. नरहरिकान्त आर. भट्ट, उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, कोषाध्यक्ष पं. विनय भट्ट, चन्द्रेश व्यास, सुशील त्रिवेदी, विनोद जोशी, रमेश आर. भट्ट, प्रदीप भट्ट, विमल भट्ट, मनोज नरहरि भट्ट, अनिल पण्ड्या आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.