पीताम्बरा आश्रम में माघ नवरात्र दैवीय साधना शिविर जारी

( 1890 बार पढ़ी गयी)
Published on : 12 Feb, 24 04:02

सूर्यार्चन, पंचदेव उपासना और दैवीय यज्ञ में साधकों ने श्रद्धा से लिया हिस्सा

पीताम्बरा आश्रम में माघ नवरात्र दैवीय साधना शिविर जारी

बांसवाड़ा /गायत्री मण्डल की ओर से श्री पीताम्बरा आश्रम में माघ नवरात्रि के उपलक्ष्य में जारी दैवीय साधना एवं प्रशिक्षण शिविर के अन्तर्गत रविवार को पं. राजेश त्रिवेदी(छींछ) के आचार्यत्व में विभिन्न महत्त्वपूर्ण दैवीय अनुष्ठान एवं यज्ञ हुए, जिनमें साधकों एवं श्रृद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

रविवार को मध्याह्न में विनायक एवं भैरव पूजा के उपरान्त सूर्य महापूजा हुई तथा इसके उपरान्त पीताम्बरा एवं श्रीविद्या की साधना से जुड़े अनुष्ठान एवं यज्ञ विधान हुए, जिसमें विभिन्न प्रकार की समिधाओं एवं द्रव्यों से हवन किया गया। यज्ञ विधान में चन्द्रशेखर जोशी, पं. विनय भट्ट, सुशील त्रिवेदी, विनोद जोशी, चन्द्रेश व्यास, पं. जय रणा, अनिल पण्ड्या आदि ने हिस्सा लिया और मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुतियां दीं। नियमित अनुष्ठानों के अन्तर्गत गायत्री एवं हनुमान यज्ञ का क्रम जारी रहा।

यज्ञ के उपरान्त आरती, पुष्पान्जलि, परिक्रमा एवं भगवन्नाम संकीर्तन का आयोजन हुआ। इनमें गायत्री मण्डल के संरक्षक पं. नरहरिकान्त आर. भट्ट एवं पं. विद्यासागर शुक्ल, उपाध्यक्ष मनोहर जोशी एवं अनिमेष पुरोहित, सह सचिव सुभाष भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य त्रम्बकेश्वर ठाकोर एवं कमलकान्त भट्ट, सुभाष त्रिवेदी, द्रोमिल त्रिवेदी, मधुसूदन जोशी, रमेश आर. भट्ट, कार्यक्रम समन्वयक मनोज नरहरि भट्ट, अजय वैष्णव, सोमेश्वर त्रिवेदी, किशोर पाठक, ललित आचार्य, अनिल भट्ट, गिरीश जोशी आदि ने हिस्सा लिया।

नवरात्र पर्यन्त दैवीय साधना शिविर में इच्छुक साधकों को देवी उपासना के विभिन्न पक्षों की जानकारी देने के साथ ही दैवीय स्तोत्रों, मंत्रों एवं देवी उपासना पद्धतियों का प्रशिक्षण भी साथ ही दिया जा रहा है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.