बांसवाड़ा, गायत्री मण्डल की ओर से पीताम्बरा आश्रम में संचालित दैनिक गायत्री जप तथा हनुमान यज्ञ के साथ ही श्रीविद्या अनुष्ठान, पंचदेव अथर्वशीर्षम् पाठ आदि के अनुष्ठानों का क्रम शुक्रवार रात को सम्पन्न हुआ।
इनमें गायत्री मण्डल के संरक्षक पं. नरहरिकान्त आर. भट्ट, शिक्षाविद् एवं आध्यात्मिक चिन्तक पं. सुभाष त्रिवेदी, सचिव पं. विनोद शुक्ल, कार्यक्रम संयोजक पं. मनोज भट्ट, पं. जय रणा, पं. जयदीप रणा आदि साधकों ने हिस्सा लिया।
इससे पूर्व हनुमान पूजा, पुरुष सूक्त एवं द्वादशाक्षर मंत्र से शालिग्राम का अभिषेक, विभिन्न देवी-देवताओं की प्रसन्नता के निमित्त यज्ञ में आहुतियां दी गई।
पं. नरहरिकान्त भट्ट का अभिनन्दन
इस अवसर पर 75 वसन्त पूर्ण होने पर गायत्री मण्डल के संरक्षक एवं प्रमुख आध्यात्मिक चिन्तक पं. नरहरिकान्त आर. भट्ट का जन्मदिन मनाया गया और शिक्षाविद् एवं आध्यात्मिक साहित्य के लेखक पं. सुभाष त्रिवेदी ने आश्रम के साधकों की ओर से माल्यार्पण तथा शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।