फ्लॉयड की हत्या के विरोध में खड़े सभी अमेरिकी

( 5899 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 Jun, 20 09:06

फ्लॉयड की हत्या के विरोध में खड़े सभी अमेरिकी

वाशिंगटन। अमेरिका में पुलिस हिरासत में अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड के मारे जाने के बाद भड़के हिंसक प्रदर्शनों के कई दिन बाद सड़कों पर अब अपेक्षाकृत शांति दिख रही है और प्रदर्शन अब मुख्यत: शांतिपूर्ण हो रहे हैं। मिनियापोलिस में 25 मई को एक श्वेत पुलिस अधिकारी द्वारा फ्लॉयड की गर्दन को घुटने से दबाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद अमेरिका में व्यापक जन-आक्रोश भड़का हुआ है। वीडियो में फ्लॉयड पुलिस अधिकारी से यह कहते दिखता है कि वह सांस नहीं ले पा रहा। पुलिस अधिकारी इसके बावजूद अपना घुटना उसकी गर्दन से नहीं हटाता और धीरे-धीरे फ्लॉयड की सांस थम जाती है और वह हिलना-डुलना बंद कर देता है। न्यूयॉर्क शहर में रातभर लूटपाट होने की खबरें हैं और हिंसक प्रदर्शन शुरू होने के बाद से बुधवार सुबह तक नौ हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन कई जगह आगजनी और गोलीबारी का सामना करने वाली पिछली कुछ रातों के मुकाबले अब अपेक्षाकृत शांति दिखाई दे रही है। अनेक शहरों में कर्फ्यू और कड़ा किए जाने के बाद शांति आती प्रतीत हो रही है। वाशिंगटन और न्यूयॉर्क जैसे शहरों ने लोगों को दिन में भी सड़कों पर न आने का आदेश दिया है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.