सुशासन में कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण-मुख्यमंत्री

( 10501 बार पढ़ी गयी)
Published on : 26 Jan, 20 14:01

शासन सचिवालय में झंडारोहण

सुशासन में कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण-मुख्यमंत्री

जयपुर, मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि आमजन को सुशासन देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने की दिशा में राज्य के सभी कार्मिकों एवं अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर हम सभी संविधान की भावना के अनुरूप अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लें।

श्री गहलोत रविवार को राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ की ओर से शासन सचिवालय में आयोजित गणतन्त्र दिवस समारोह में झंडारोहण कर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सचिवालय स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। श्री गहलोत ने कहा कि देश की आजादी के लिए चले लंबे संघर्ष में ज्ञात-अज्ञात सेनानियों का बड़ा योगदान रहा। यह दिन हमें उन सभी महान् शहीदों को याद करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में राजस्थान के युवाओं ने भी बढ़-चढकर भागीदारी निभाई। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के निर्णय लेती रही है। आगे भी उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। हमारा प्रयास है कि आपका मनोबल हमेशा ऊंचा रहे। कर्मचारी संघों से वार्ता कर आपकी मांगों पर उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचाने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करें।

मुख्य सचिव श्री डीबी गुप्ता एवं सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह शेखावत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सचिवालय सेवा के कार्मिक एवं उनके परिजन उपस्थित थे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.