कलेक्टर रियार ने किया गणपति पूजन के साथ बूंदी उत्सव का आगाज

( 13600 बार पढ़ी गयी)
Published on : 16 Nov, 19 06:11

रजत जयंती पर छलका बूंदी उत्सव का सांस्कृतिक वैभव, लोक रंगों से लकदक निकली शोभायात्रा, पणिहारी बनी गोरी बालाएं, साफा बांध इतराए सैलानी, विदेशी मेहमानों की देसी संग हुई रोमांचक प्रतियोगिताएं

कलेक्टर रियार ने किया गणपति पूजन के साथ बूंदी उत्सव का आगाज

कोटा (डॉ. प्रभात कुमार सिंघल) |  बून्दी उत्सव रजत जयंती का भव्य शुभारम्भ शुक्रवार को छोटी काषी में सांस्कृतिक रंगो के बीच हुआ। मंत्रोच्चार, शंखनाद, गणपति पूजन वन्दन के अनुष्ठान के साथ जिला कलक्टर रुक्मणि रियार ने विदेशी पर्यटकों के साथ पर्यटन पर्व का शुभारम्भ किया। शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने संगीत धुनों के बीच कच्छी घोड़ी नृत्य कर समां बाधा। वहीं परम्परागत लोक वाद्यों की धुनें गुंजायमान रही। गढ़ की पड्स से आरंभ होकर शोभायात्रा पुरानी बून्दी की विरासत को निहारती हुई मुख्य बाजार होकर पुलिस परेड ग्राउण्ड पहुंची। उत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में देशी विदेशी पर्यटक बूंदी पहुंचे हैं। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, उंट और नृत्य करते लोक कलाकारों ने फिजां में उत्सवी रंग घोल दिया। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से संदेश बोधक झांकिया भी आकर्षण का केन्द्र रही।  शोभायात्रा का रास्ते में जगह-जगह व्यापारिक, धार्मिक संगठनों, सामाजिक संगठनों की ओर से पुष्प स्वागत किया गया। काजी कौंसिल संरक्षक शकूर अहमद के नेतृत्व में कौमी एकता मंच की ओर से शोभायात्रा का इस्तकबाल किया गया। 
उत्सवी प्रतियोगिताओं का रोमांच 
     पुलिस परेड़ ग्राउण्ड पर हुई प्रतियोगिताओं ने सभी को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ दिव्यांजनों को रेडक्रास सोसायटी की ओर से ट्राई साईकिल वितरण से हुआ। जिला कलक्टर रुक्मणि रियार, रेडक्रास सचिव अशोक विजय एवं धुव्र व्यास ने एक दिव्यांग छात्र व छात्रा को ट्राई साईकिल वितरित की। प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश जोशी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) अम्मानुउल्ला खान एवं पर्यटन विभाग जयपुर के संयुक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी ने पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, तहसीलदार भारत सिंह राठौड़, खेल अधिकारी वाई.बी. सिंह, इंटेक संयोजक विजयराज सिंह हाडा, एडवोकेट राजकुमार दाधीच, रेडक्रास सचिव अशोक विजय, धुव्र व्यास आदि मौजूद रहे। 
 रोमांच से भरपूर देशी विदेशी लोगों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता हुई। इसमें स्थानी पुरूषों की टीम विजेता रही। घुड़ दौड ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस प्रतियोगिता के विजेता शाहरूख भाई रहे। प्रतियोगिता में मनोज राव ने दूसरे तथा लेखराज यादव ने तीसरे स्थान पर रहे। 
साफ बांधा, दिया मूंछों पर ताव 
उत्सव के कार्यक्रमों की कड़ी  देशी व विदेशी सैलानियों की साफा बांधों प्रतियोगिता हुई। विदेशी महिला पुरूषों ने जहां जोश व उत्साह के साथ साफा बांधने में होड दिखाई वहीं स्थानीय पुरूषों ने भी साफा बंाधा। विदेशी पर्यटकों की साफा बांधो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर फ्रांस के डेविड, दूसरे स्थान पर यूएसए के अलिसोन व तीसरे स्थान पर आस्लिट्रेलिया मार्क रहे। 
वहीं स्थानीय पुरूशों की प्रतियोगिता में कमलेश सिंह प्रथम, महिपाल सिंह द्वितीय व भपेन्द्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं स्थानीय लोगों की मूंछ प्रतियोगिता हुई। जिसमें हर कोई अपनी मूंछों पर ताव देता रहा। इस प्रतियोगिता में पहले स्थान बूंदी के धन्नालाल गुर्जर, बद्रीलाल दूसरे स्थान पर तथा नंदकिशोर तीसरे स्थान पर रहे।  
मटकी सिर पर लेकर दौड़े सैलानी 
प्रतियोगिता के दौरान विदेशी पर्यटकों की पणिहारी दौड़ हुई। जिसमें विदेशी महिला पर्यटक सिर पर मटकी दखकर दौडे। पानी भरी मटकी सिर पर रख महिला पर्यटक एक बार तो अचरज में पड गए, लेकिन जब उन्हें समझाया गया तो रोमांचित हो उठे। इसी के साथ देशी महिलाओं की पणिहारी दौड़ भी हुई। विदेशी पर्यटकों की मटकी दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर इंग्लैंड की मारिया, दूसरे स्थान पर आस्लिट्रेलिया की साइमन तथा तीसरे स्थान पर स्वीडन की लिलियन रहीं। वहीं देशी महिलाओं में मनीक्षी प्रथम, निशा द्वितीय व किरण सैनी तीसरे स्थान पर रही।

 बूंदी शैली चित्रकला प्रदर्शनी शुरू 

 बूंदी उत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को कला दीर्घा में बूंदी शैली चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन संभागीय आयुक्त एल.एन. सोनी ने किया। इस अवसर पर बूंदी शैली चित्रकला को समर्पित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। जिला कलक्टर रुक्मणि रियार एवं जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता एवं अन्य अधिकारीगण, बूंदी ब्रश से जुड़े कलाकार एवं गणमान्य नागरिक साथ रहे।

दीपदान से दमका नवल सागर
 सायंकाल नवल सागर में दीपदान किया गया। हर ओर दीप ही दीप जल उठे और नवल सागर दमक उठा। नवल सागर के घाट पर जिला कलक्टर रुक्मणि रियार एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश जोशी ने  आरती उतारी और दीपदान किया। नवल सागर के घाटों मेहराबों, अहाते तथा पूरे मार्ग में दीप जल उठे। इस क्षेत्र के निवासियों व अन्यग ने इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.