सांसद रघुवीर मीणा ने शहर की हालत बदहाल करने का आरोप लगाया

( 16465 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 Nov, 19 05:11

सांसद रघुवीर मीणा ने शहर की हालत बदहाल करने का आरोप  लगाया

उदयपुर    कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व सांसद रघुवीर मीणा एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में उदयपुर भाजपा बोर्ड पर शहर की हालत बदहाल करने का आरोप लगाते हुए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार होने का अंदेशा जताते हुए कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बनने पर जांच करने की बात कही। 

प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए पूर्व सांसद रघुवीर मीणा ने कहा कि उदयपुर में पिछले 25 सालों से भाजपा का बोर्ड बन रहा है। जिस तरह का काम हुआ है, जनता का हक बनता है, उसका एसेसमेन्ट होना चाहिए। स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 1225 करोड़ का प्रोविजन था, उसके नाम से कितना काम हुआ है, कितना खर्च हुआ है, कितना भ्रष्टाचार हुआ है। नगर निगम बनने के बाद कितना बजट आवंटित हुआ है। यूआईटी भी काम कर रही है। सभी कार्यों का एसेसमेन्ट करने का अधिकार नागरिकों को है। 2014 से 2019 से लेकर भाजपा को जो बोर्ड रहा है। उस दौरान 60-65 करोड़ के सडक़ों के टेण्डर हुए है, और उतना ही पैसा यूआईटी ने खर्च किया है। क्या इस पैसे से सडक़ें ठीक हो पाई है? क्या सडक़ों की हालत है। पूरा शहर खुदा हुआ है। पेयजल की सुविधा ढंग से नहीं है, चिकित्सा की सुविधा ढंग से नहीं है। कुल मिलाकर शहर की हालत बेहद खराब है। यूपीए सरकार के दौरान पिछोला और फतहसागर के लिए दिए गए पैसा का क्या उपयोग हुआ उसका किसी को पता नहीं है। अगर कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो पैसा कहां खर्च हुआ, उसकी जांच होगी। 

प्रेस वार्ता को सम्बोधित पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने कहा कि हमें वो शहर चाहिए जहां धूल के गुबार नहीं उड़ते थे। राज्य में जब भी सरकारें हमारी रही, शहर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। 100 करोड़ रुपए गरीब लोगों मकानों के लिए दिये गये, उनका क्या हुआ। 250 करोड़ रुपए झीलों के संरक्षण के लिए दिये गये, उसका क्या हश्र हुआ। शहर की स्मार्ट सिटी के दावों का क्या हश्र हुआ। पिछले पांच सालों में राज्य सरकार भाजपा की, केन्द्र सरकार भाजपा की और नगर परिषद्/निगम भाजपा का होने के बावजूद शहर का जो हश्र हुआ है, उससे जनता आजिज आ चुकी है। हमें पूर्ण विश्वास है कि इस बार शहर की जनता कांग्रेस पार्टी को बोर्ड बनाने का मौका देगी, ताकि शहर की बदहाल व्यवस्था को फिर से ठीक किया जा सके। हमारा प्रत्याशी हमारा स्टार प्रचारक है। हमारे जीतने वाले प्रत्याशी जनसेवा की भावना से काम करेंगे, तथा रोटी, कपड़ा और मकान जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता में रखकर कार्य किया जाएगा। 

इस अवसर पर पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, देहात अध्यक्ष लालसिंह झाला, प्रदेश कांग्रेस सचिव पंकज कुमार शर्मा, निरंजन नारायण सिंह, प्रवक्ता फिरोज अहमद शेख, संदीप गर्ग, भगवान सोनी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.