नगर निगम प्रांगण के मुख्य द्वार पर दो दिवसीय धरना प्रारम्भ

( 12186 बार पढ़ी गयी)
Published on : 16 Sep, 19 15:09

नगर निगम प्रांगण के मुख्य द्वार पर दो दिवसीय धरना प्रारम्भ

उदयपुर  उदयपुर शहर की बदहाल सडक़ों सहित शहर में लम्बे समय से व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से उदयपुर नगर निगम प्रांगण के मुख्य द्वार पर दो दिवसीय धरना आज से प्रारम्भ हुआ। 

शहर में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं शहर की दुर्दशा को बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करने के साथ धरने को सम्बोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने आरोप लगाया कि कभी विश्व भर में विख्यात झीलों की नगरी उदयपुर आज अपनी हालत पर आंसू बहा रहा है। सडक़ों की हालत किसी से छुपी नहीं है। सडक़ों के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की मानसून की बारिश ने पोल खोल कर रख दी है। हालत इतने बिगड़ चुके हैं कि सडक़ों में हुए गड्ढों की वजह से सैंकड़ों लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं। लेकिन शहर का भाजपा बोर्ड अपनी इन कमियों को स्वीकार करने के लिए तैयार ही नहीं है। उलटे जनता की गाढ़ी कमाई से महापौर भाजपा बोर्ड के 25 वर्षों का जश्न मना रहे हैं। शहर कांग्रेस जनता की आवाज बन कर भाजपा बोर्ड को शहर की समस्याओं को दूर करने के लिए बाध्य कर देगी। भाजपा बोर्ड जश्र, समारोह और झुमलों का बोर्ड बनकर रह गया है। भाजपा बोर्ड के पार्षद शहर की खराब हालत को अच्छी तरह से देख रहे हैं, परन्तु राजनीतिक धर्म निभाने के कारण कोई विरोध में बोलने को तैयार नहीं है। शहर की बिगड़ती हालत से जनता त्राहिमाम कर रही है। लेकिन शहर की जनता की आवाज सुनने के बजाय भाजपा बोर्ड ने जैसे कानों में रूई ठूस ली है। भाजपा बोर्ड का जैसे शहर की समस्याओं से कोई सरोकार ही नहीं रह गया है। आज शहर की बदहाल सूरत ने पर्यटकों का शहर से मोह भंग कर दिया है। भाजपा बोर्ड में भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया है, जिसकी कीमत शहर की जनता को चुकानी पड़ रही है। भाजपा बोर्ड पिछले 25 वर्षों से शहरवासियों को आयड़ को वेनिस बनाने के सुनहरे ख्वाब दिखा रहा है। लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। शहर की झीलें कई सालों से सीवरेज से प्रदूषित हो रही है, लेकिन बोर्ड अभी तक इसका कोई समाधान नहीं ढूंढ पाया है। झीलों की लिकेज की समस्या के कारण झीलों का साफ पानी सिवरेज के माध्यम से व्यर्थ बह रहा है। जिसके कारण शहर की जनता साफ पेयजल के लिए तरस रही है। यही हालत रही तो जनता सडक़ों पर उतरने पर मजबूर हो जाएगी। 

इस अवसर पर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाजपा बोर्ड की कार्यप्रणाली की कड़ी भत्र्सना करते हुए भाजपा बोर्ड के खिलाफ जोर-शोर से नारे लगाए तथा शहर में व्याप्त समस्याओं को अविलम्ब दूर करने की मांग की।

धरने को पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया एवं सज्जन कटारा, के. के. शर्मा, राजेश मेनारिया, अर्जुन राजोरा, पंकज कुमार शर्मा, प्रवक्ता फिरोज अहमद शेख, ओम शर्मा, अरूण टांक, विवेक कटारा, रियाज हुसैन, इन्दिरा राजपुरोहित, एआईसीसी सदस्य दीपक मेवाड़ा, जगदीश पालीवाल, पार्षद नजमा मेवाफरोश, सोमेश्वर मीणा, चन्दर सिंह कोठारी, भरत आमेटा, पार्षद राशिद खान, गौरीशंकर पटेल, मोहम्मद अयूब, सुधीर जोशी, डॉ. दीपांकर चक्रवर्ती, धर्मेन्द्र राजोरा, पंकज मेहता, शाहिद हुसैन, रिजवान खान, राधाकृष्ण मेहरा, शंकर चन्देल, राजेश खत्री ने भी धरने को सम्बोधित किया।

धरने का संचालन डॉ. धर्मेन्द्र राजोरा और धन्यवाद जगदीश पालीवाल ने दिया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.