विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक प्रारंभ

( 18378 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 Sep, 19 15:09

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक प्रारंभ

उदयपुर, 13  विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को उदयपुर के विद्या निकेतन सेक्टर-4 में शुरू हुई। 

इस मौके पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री यतींद्र शर्मा ने बैठक की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि विद्या भारती का कार्य शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श स्थापित करना है। इसके लिए देश भर में चल रहे 25 हजार शिक्षा केंद्रों को समाज के सामने संस्कार और शैक्षिक गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करने के विद्या मंदिरों के रूप में प्रतिष्ठित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में देश भर से आए हुए 200 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित थे। 

राष्ट्रीय मंत्री अवनीश भटनागर ने देश के कोने-कोने में चल रहे विद्या भारती के कार्यों की झलक पावर पॉइंट के माध्यम से प्रस्तुत की। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि नगरों, ग्रामों, वनवासी क्षेत्रों, दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों और आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों में विद्या भारती के 25 हजार से अधिक विद्यालय शिक्षा व संस्कार की अलख जगा रहे हैं। देशभर में चल रहे इन विद्यालयों में जहां 1 लाख 40 हजार से अधिक शिक्षक हैं वहीं 38 लाख से अधिक विद्यार्थी हैं।

बैठक 15 सितंबर तक चलेगी जिसमें विद्या भारती के कार्य के विस्तार, शैक्षिक गुणवत्ता के विकास, सूचना तकनीकी के उपयोग कर शिक्षा क्षेत्र में नए प्रयोग, आगामी सत्र के लिए होने वाले खेल कूद, गणित विज्ञान मेला, अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव जैसे शैक्षणिक विषयों के साथ पर्यावरण सुरक्षा, पॉलिथीन मुक्ति, ऊर्जा एवं जल संरक्षण, फिजिकल फिटनेस जैसे समाजोपयोगी विषयों पर भी मंथन कर कार्य योजना बनाई जाएगी। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.