जिलास्तरीय वन महोत्सव आज 

( 12932 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Aug, 19 04:08

सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना करेंगे शुभारंभ

जिलास्तरीय वन महोत्सव आज 

चित्तौड़गढ़ /  जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में  जल शक्ति अभियान के अन्तर्गत 24 अगस्त, शनिवार को प्रातः 11.30 बजे गांधी नगर, दुर्ग तलहटी स्थित जैव विविधता वन में 70वां जिलास्तरीय वन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सहकारिता एवं इन्दिरा गांधी नहर परियोजना मंत्री उदयलाल आंजना मुख्य अतिथि के रूप में पौधारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

उप वन संरक्षक शशि शंकर ने बताया कि  शनिवार को होने वाले वन महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिलास्तरीय अधिकारी, वन विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक तथा गणमान्य नागरिक हिस्सा लेंगे।

सर्वोत्तम वन रक्षक एवं पशु रक्षक पुरस्कार वितरण

उप वन संरक्षक ने बताया कि सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना पौधारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ करने के साथ ही वनों की सुरक्षा, वन्य जीव संरक्षण, वन विकास एवं विस्तार गतिविधियों में उल्लेखनीय सहभागिता एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान एवं पुरस्कार वितरण भी करेंगे।

उन्होंने बताया कि वन महोत्सव में जिलास्तरीय वृक्ष प्रहरी पुरस्कार सर्वोत्तम वन रक्षक राजेन्द्र मीणा(वन रक्षक - बोराव) को दिया जाएगा। सर्वोत्तम पशु रक्षक पुरस्कार भंवरलाल भील (बेलदार -चित्तौड़गढ़) को प्रदान किया जाएगा।

इसी प्रकार जिले में वनों की सुरक्षा विकास तथा वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निजी व्यक्तियों एवं संस्थाओं वन र्कमियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इनमें वन विकास का उत्कृष्ट कार्य करने हेतु जिला स्तरीय वृक्ष वर्धक पुरस्कार हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड चंदेरिया को दिया जाएगा। सर्वोत्तम ग्राम सुरक्षा एवं प्रबंध के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार इको डेवलपमेंट कमेटी नाहरगढ़ रेंज वन्यजीव बस्सी को प्रदान किया जाएगा। जबकि वन विकास के उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला स्तरीय वृक्षवर्धक पुरस्कार राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी के प्रधानाध्यापक राजकुमार तौलंबिया को दिया जाएगा।

जिला स्तरीय वृक्ष प्रहरी पुरस्कार तीन सर्वोत्तम वनपालों को दिया जाएगा। इनमें  निम्बाहेड़ा रेंज के  नारायण शर्मा, चित्तौड़गढ़ रेंज के बिहारीलाल और बेंगू रेंज के दिनेश कुमार शामिल हैं। इसी प्रकार 6 वन रक्षकों को सर्वोत्तम वनरक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें भैरूराम सिंवर - कपासन रेंज, मेघनाथ -विजयपुर रेंज, विक्रमसिंह कसाणा- जावदा रेंज, सुनील उपाध्याय - बोराव रेंज, रामकिशोर सैनी - रावतभाटा रेंज और सांवरमल ढाका - बेंगू रेंज शामिल हैं। सर्वोत्तम पशु रक्षक का पुरस्कार निम्बाहेड़ा रेंज के केटल गार्ड ताज मोहम्मद को दिया जाएगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.