जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने किया शहर का दौरा

( 24479 बार पढ़ी गयी)
Published on : 17 Aug, 19 05:08

बरसात के मद्देनज़र बस्तियों और जलप्रवाह मार्गों को देखा

जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने किया शहर का दौरा

चित्तौड़गढ़ / जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ शहर का दौरा किया और बारिश के मद्देनज़र वर्तमान हालातों की जानकारी ली। जिला कलक्टर ने गंभीरी नदी के आस-पास बसी बस्तियों और क्षेत्रों तथा वर्षा जल प्रवाह व निकासी मार्गों का अवलोकन किया।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) मुकेश कुमार कलाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्ञानमल खटीक, नगर विकास न्यास के सचिव सी.डी. चारण, तहसीलदार अशोक शाह, नगर परिषद के अभियन्तागण साथ थे।

जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने गांधी नगर से हाईवे को जोड़ने के लिए गंभीरी नदी पर बनाए जा रहे पुल निर्माण के काम को देखा तथा गंभीरी नदी के तटवर्ती क्षेत्राें व आस-पास की विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर बरसाती पानी के जमा होने तथा निकासी के बारे में जानकारी ली। जिला कलक्टर ने क्षेत्रवासियों से भी चर्चा की और पानी के भराव की ताजा स्थिति के बारे में पूछा।

जिला कलक्टर ने बरसाती पानी के जमा होने तथा जल प्रवाह मार्गों पर पानी भरे होने, आवासीय क्षेत्रों में जल भराव आदि को देखकर सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी के सभी प्रबन्ध तत्काल सुनिश्चित करें और स्थायी तौर पर यह व्यवस्था करें कि बरसाती पानी जमा न हो तथा आवासीय क्षेत्रों में पानी के भराव की स्थिति दुबारा सामने नहीं आए।

जिला कलक्टर  ने शहर के गांधी नगर में भीलों कि झोपड़ियां क्षेत्र एवं नगरपालिका कॉलोनी के पीछे के क्षेत्र का जायजा लिया। सेतु मार्ग पर नाले में बरसाती पानी के प्रवाह को देखा।

जिला कलक्टर ने रेलवे कॉलोनी और उससे सटी हुई रेलवे ट्रैक का अवलोकन किया और जानकारी ली। जिला कलक्टर ने रेलवे स्टेशन से आगे कृषि उपज मंडी समिति के मेन गेट के सामने मुख्य मार्ग पर जलभराव को देखा। क्षेत्र वासियों ने जिला कलक्टर को बताया की आगे नाला बंद कर दिए जाने से पानी नही निकल पा रहा है और मुख्य सड़क पर ही जमा होता रहा है।

जिला कलक्टर ने झांझरिया तालाब को देखा तथा इसके आस-पास घरों की तरफ पसरे हुए पानी के बारे में स्थानीय निवासियों से चर्चा की। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इसे गंभीरता से लें और हर संभव उपाय सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने चित्तौड़गढ़-निम्बाहेड़ा राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर जमा पानी को देखा तथा इसके कारणों के बारे में जानकारी ली और पानी निकासी के स्थायी प्रबन्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.