नारायण सेवा संस्थान की ओर से युगांडा में सर्जिकल कैम्प का आयोजन

( 15497 बार पढ़ी गयी)
Published on : 26 Jun, 19 05:06

-17 से 22 जून, आर्थोपेडिक सेंटर, फोर्टपोर्टल हॉस्पिटल में-

नारायण सेवा संस्थान की ओर से युगांडा में सर्जिकल कैम्प का आयोजन

उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान ने युगांडा के 100 से अधिक वंचित दिव्यांग बच्चों के जीवन में फिर से खुशियां भर कर एक बार फिर इस भावना को बल दिया है कि वंचित प्राणी मात्र की सेवा ही सच्ची सेवा है। 
स्वास्थ्य मंत्रालय, युगांडा और फोर्टपोर्टल हॉस्पिटल के सहयोग से नारायण सेवा संस्थान ने युगांडा के वंचित वर्ग से आने वाले दिव्यांग बच्चों को चिकित्सा सहायता और अन्य मदद देने के लिए 17 से 22 जून 2019 तक एक सर्जिकल कैम्प का सफल आयोजन किया। सर्जिकल कैंप का उद्देश्य 100 से अधिक बच्चों को करेक्टिव सर्जरी, कृत्रिम अंग, सीपी चेयर, व्हीलचेयर और ऑपरेशन के बाद अन्य सहायता प्रदान करना था।
नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने भी मानवता की सेवा को सच्ची सेवा बताते हुए युगांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य से जुड़े विभागों के निदेशकों सहित मुलगो, फोर्टपोर्टल और होइमा अस्पताल का आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से एनएसएस युगांडा की टीम दिव्यांगों के हित में अपना काम निर्बाध रूप से कर पा रही है।
भारत भर के दिव्यांगों, विशेष रूप से पोलियो या जन्म के साथ विकलांगता के शिकार लोगों के लिए चैरिटेबल हाॅस्पिटल चला रहे नारायण सेवा संस्थान धर्मार्थ संगठन के लिए यह पहला मौका नहीं है, जब युगांडा के दिव्यांगों को इस तरह की मदद दी गई हो। हाल में आयोजित सर्जिकल कैम्प, इस तरह का 14वां सर्जिकल कैम्प था। राजेश अग्रवाल के नेतृत्व वाली एनएसएस युगांडा टीम जुलाई 2016 में अपने गठन के बाद से दिव्यांगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए युगांडा में काम कर रही है। अब तक 1000 से अधिक दिव्यांगों को इसका लाभ दे चुकी एनएसएस टीम का मानना है कि मानवता की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं और इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
एनएसएस युगांडा को भारतीय मूल के लोगों का अच्छा समर्थन हासिल है जो दिव्यांगों के निशुल्क उपचार व पुनर्वास के लिए बड़े पैमाने पर समाज की सेवा करने के उद्देश्य से संचालित है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.