मतदाता जागरूकता-शहर में पहली बार महिलाओं ने निकाली कार रैली

( 7780 बार पढ़ी गयी)
Published on : 18 Mar, 19 04:03

मतदाता जागरूकता-शहर में पहली बार महिलाओं ने निकाली कार रैली

चित्तौडगढ । महिला मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक कर अधिकाधिक मतदान के लिये प्रेरित करने हेतु शनिवार को चित्तौडगढ जिला मुख्यालय पर महिलाओं द्वारा प्रथम बार कार रैली निकाली गई।

वाहन रैली को अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) मुकेश कुमार कलाल व अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) विनय पाठक ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। वाहन रैली का प्रारम्भ निम्बाहेडा रोड स्थित भाटिया एण्ड कम्पनी से हुआ। वाहन रैली रेलवे स्टेशन, कलक्ट्रेट आवास एवं ओवर ब्रिज से होकर कलक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न हुई। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं मतदाता जागरूकता का संदेश देने वाली आज की कार रैली कई मायनों में शहर के लिये विशिष्ट अनुभव रही। कार रैली में ढाई दर्जन से अधिक महिला कार चालक शामिल हुई। रैली से पूर्व महिलाओं ने अधिकाधिक मतदान एवं महिला जागृति के लिये खूब नारे भी लगाए।

रैली का समापन कलक्ट्रेट परिसर में हुआ। जिला प्रशासन, दैनिक भास्कर एवं भाटिया एण्ड कम्पनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में शामिल महिला वाहन चालकों को अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) ने प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किये। इस मौके पर बाल कल्याण संरक्षण समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला लढ्ढा, स्वीप के सहायक प्रभारी अधिकारी राजेन्द्र शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जे.पी. चांवरिया सहित आसरा विकास संस्थान की छात्राएं भी मौजूद थी। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.