विदेशियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं ने दिल जीता

( 11600 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 Feb, 19 05:02

विदेशियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं ने दिल जीता

चित्तौडगढ । चित्तौडगढ फोर्ट फेस्टिवल के तहत रविवार को फतह प्रकाश प्रागंण में विदेशियों के लिए आयोजित मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने पर्यटकों के साथ-साथ दर्शकों व आयोजकों का दिल जीत लिया। फतह प्रकाश प्रांगण में ही टैलेन्ट ऑफ चित्तौडगढ के तहत ११ ब्लॉकों से आये हुए ४६ दलों ने समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी। सजे-धजे घोडों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। आसमान में उडती विविध आकृतियों की पतंगों ने भी फेस्टिवल के रंग को खुब जमाया।

विदेशी रंगे देशी रंग में

फेस्टिवल के तहत विदेशियों के लिए विविध मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। साफा बांधों प्रतियोगिता में फ्रांसीसी पर्यटक वालडीमर विजेता एवं क्लेरी उपविजेता रहे। मटकी दौड प्रतियोगिता में इंडनेशिया की योलिन प्रथम एवं फ्रांस की वेलिनटीनी द्वितीय रही। चम्मच दौड में इंडोनेशिया की योलिन प्रथम एवं फ्रांस के वालडीमर द्वितीय रहे। बोरा रेस में फ्रांस के वालडीमर प्रथम व यूएसए के ईसक द्वितीय रहे। म्यूजिकल चैयर रेस में फ्रांस के वालडीमर प्रथम एवं निकारागुआ के मेमो प्रेगो द्वितीय रहे। साडी बांधों प्रतियोगिता में इंडोनेशिया की जैक्स प्रथम और योलिन द्वितीय रही। रस्सा कस्सी में विदेशी पर्यटकों ने भारतीय दल को पराजित कर दिया।

अश्व नृत्य ने मन मोहा

फेस्टिवल के तहत फतह प्रकाश प्रांगण में सजे-धजे अश्वों ने मधुर स्वरलहरी पर अपने आकर्षक अंग संचालन के साथ नृत्य प्रस्तुत किए। नृत्य प्रतियोगिता में शाहरूख और अनिष के घोडे ’’बिल्ला‘‘ ने विजेता होने का गौरव हासिल किया। जबकि देवीलाल अहीर के घोडे ने एवं गोपाललाल की घोडी ने दुसरा स्थान हासिल किया। अश्व सजावट प्रतियोगिता में ईब्राहिम खान की घोडी ’’परी‘‘ प्रथम रही। जबकि अनवर का घोडा ’’हिरा‘‘ तथा मोनु भाई की घोडी द्वितीय रही।

सतरंगी पतंगे उडी

फतह प्रकाश के प्रांगण में विविध आकृतियों की पतंगों ने हवा में करतब दिखाते हुए आकर्षक कला बाजियां खाई। सांप और बाज जैसी आकृतियों की इन विशालकाय पतंगों को उडते देखना पर्यटकों के लिए अनुठा अनुभव था।

जिले की प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर

जिले के विविध ११ ब्लॉकों से आये हुए ४६ समूहों ने मधुर संगीत की धुनों पर राजस्थानी संस्कृति, लोकजीवन, परम्परा और परिधानों का जोरदार प्रदर्शन किया। समूह नृत्य की इन प्रस्तुतियों के दौरान जिला कलक्टर श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार, जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हेमेन्द्र उपाध्याय ने प्रतिभागियों का हौंसला बढाया। प्रारंभ में प्रभारी जिला परिषद् के सीईओ अंकित कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं के कौशल और हुनर को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है। समूह नृत्य प्रतियोगिता में सानवी सिंह एवं समूह (निम्बाहेडा) प्रथम, सुधाकर राव एवं समूह (निम्बाहेडा) द्वितीय तथा नन्दिनी एवं समूह (चित्तौडगढ) तृतीय स्थान पर रहे। समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम सांत्वना पुरस्कार सुमन एवं समूह (राशमी) को मिला। द्वितीय सांत्वना पुरस्कार रिया माहेश्वरी एवं समूह (निम्बाहेडा) एवं तृतीय सांत्वना पुरस्कार रिद्धिमा एवं समूह (चित्तौडगढ) तथा चतुर्थ सांत्वना पुरस्कार नरेन्द्र एवं समूह (डूंगला) को मिला। सांस्कृतिक संध्या में प्रथम तीन स्थान वाले प्रतिभागी ही भाग लेंगे। चयन प्रक्रिया में निर्णायक के रूप में आमंत्रित सदस्य जिले से बाहर के थे।

कबड्डी, कुश्ती के मुकाबले शुरू

फोर्ट फेस्टिवल के तहत गोरा बादल स्टेडियम में बनाये गये मैदानों पर कबड्डी के मुकाबले प्रारंभ हुए। खेल प्रशिक्षक निरंजन योगी से मिली जानकारी के अनुसार जुनियर वर्ग में सात टीमों के बीच में मुकाबला हुआ। सीनियर वर्ग में पांच मुकाबले हुए। अगले दौर के कबड्डी के मुकाबले सोमवार को प्रातः १० बजे से प्रारंभ हो जाएंगे। इसी प्रकार, प्रताप वॉलीवाल मैदान पर कुश्ती के पुरूष वर्ग के जुनियर और सीनियर वर्ग के मुकाबले प्रारंभ हुए। कुश्ती कोच रामरतन गुर्जर ने बताया कि अगले दौर के मुकाबले कल दोपहर से प्रारंभ होंगे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.