सौदागरों के माध्यम से धर्मांतरण को बढ़ावा मिला: आदित्यनाथ

( 3547 बार पढ़ी गयी)
Published on : 16 Nov, 18 08:11

सौदागरों के माध्यम से धर्मांतरण को बढ़ावा मिला: आदित्यनाथ रायपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को एक नए विवाद को हवा देते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासन काल में इटली से आयातित सौदागरों के माध्यम से धर्मांतरण की राष्ट्र विरोधी गतिविधियां चरम पर थीं। योगी ने सरगुजा क्षेत्र के जशपुर जिले में एक चुनावी रैली में कहा कि वर्ष 2003 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। वह परोक्ष रूप से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साध रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ 2000 में बना लेकिन प्रारंभिक तीन वर्षों तक कांग्रेस का ‘‘कुशासन’’ था। इस कुशासन में सड़कें नहीं थी। बिजली नहीं थी। शिक्षा और स्वास्थ्य की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यहां इटली से आयातित सौदागरों के माध्यम से धर्मांतरण की राष्ट्र विरोधी गतिविधियां भी चरम पर चल रही थीं। जशपुर के कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने इन गतिविधियों पर अपने बल पर अंकुश लगाने का कार्य किया था।’’ योगी ने कहा कि अगर जशपुर राजघराना नहीं होता तो यह क्षेत्र दंडकारण्य बन गया होता। यहां चल रही अराजक गतिविधियों के कारण यहां भी नक्सलवाद बस्तर की तरह ही चुनौती दे रहा होता।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.