सैनिकों ने मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में किया संयुक्त अभ्यास

( 5657 बार पढ़ी गयी)
Published on : 22 Sep, 18 06:09

सैनिकों ने मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में किया संयुक्त अभ्यास भारत और मंगोलिया के सैनिकों ने निरंतर खतरनाक रूप ले रहे आतंकवाद की बदलती चुनौतियों से निपटने के लिए संयुक्त सामरिक अभ्यास में एक दूसरे के साथ अभियानों की सफलता के गुर तथा तौर तरीके साझा किए। सेना की पंजाब रेजिमेंट के जवानों ने लगातार 11 दिनों तक मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में फाइव हिल्स प्रशिक्षण रेंज में मंगोलियाई सैनिकों के साथ संयुक्त अभ्यास नोमेडिक एलिफेंट-2018 में दुश्मन के छक्के छुड़ाने की रणनीति बनाने की मशक्कत की तथा उसे मिलकर अंजाम भी दिया। गत 10 सितम्बर को शुरू हुआ यह अभ्यास दिन रात-चले 24 घंटे के संयुक्त अभ्यास के साथ 20 सितम्बर को पूरा हुआ। इस दौरान मैत्री बास्केटबाल मैचों के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी जवानों ने अपनी बहुप्रतिभा का परिचय दिया। दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी बढ़ाने के लिए नोमेडिक एलिफेंट संयुक्त अभ्यास की शुरुआत 2006 में की गई थी और इसके बाद से हर वर्ष इसका आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से आतंकवादी अभियानों में एक दूसरे के अनुभवों के आधार पर संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत सामरिक और तकनीकी कौशल में सुधार लाना तथा नए तरीके सीखना है। संयुक्त अभ्यास की शुरुआत फोर्स कांबिनेशन और टेक्टिकल क्लास के साथ हुई जिसमें आतंकवाद विरोधी आपरेशन के दौरान ड्रिल और तरीकों पर जोर दिया गया। सैनिकों ने एक दूसरे के तौर तरीके समझने और संयुक्त ड्रिल को विकसित करने में काफी मशक्कत की। दूसरे सत्र में केस स्टडीज के अध्ययन के आधार पर उनके निष्कर्षों की विवेचचना की गई। साथ ही ड्रिल के अभ्यास, फायरिंग और सामरिक अभ्यास भी किया गया। आतंकवाद विरोधी अभियानों में सामरिक परिदृश्य जैसे अग्रिम मोर्चे बनाने, इलाके को कब्जे में लेने , खोजी तथा आक्रमण करने के तौर तरीकों का भी अभ्यास किया गया। दोनों देशों को एक दूसरे की सामरिक विशेषताओं और अनुभवों से काफी कुछ सीखने को मिला जिसका सैनिकों ने पूरा लाभ उठाया। भारतीय सैनिकों को मंगोलिया के शस्त्रों और उपकरणों को संचालित करने का भी मौका मिला और मंगोलियाई जवानों को भी शहर और कस्बों में छोटी टुकड़ी के आपरेशन और आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने की बारीकियों का पता चला।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.