सुशील और साक्षी की अग्निपरीक्षा

( 9808 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Aug, 18 05:08

सुशील और साक्षी की अग्निपरीक्षा जकार्ता। पहलवान बजरंग पूनिया और आत्मविश्वास से भरी विनेश फोगाट से 18वें एशियाई खेलों में कल से शुरू हो रहे कुश्ती स्पर्धा में भारत के पदक की उम्मीद होगी जबकि फ्रीस्टाइल स्पर्धा में सुशील कुमार के सामने खुद को साबित करने की चुनौती होगी। रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साक्षी मलिक राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद एशियाई खेलों में भी अपना पहला पदक जीतने के लिए जोर लगाएंगी।

फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में कल भारत के छह में से पांच पहलवानों का मुकाबला है जिसमें पहली बाउट बजरंग की है। वह 65 किग्रा भार वर्ग में उजबेकिस्तान के सिरोजिद्दीन खासानोव से भिड़ेंगे। पुरूषों के ग्रीको रोमन और महिलाओं के मुकाबले सोमवार से शुरू होंगे। बजरंग ने एशियाई खेलों में आने से पहले लगातार तीन स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों (गोल्ड कोस्ट), तबलिसी ग्रां प्री (जार्जिया) और यासर दोगु अंतरराष्ट्रीय (इस्तांबुल) में सोने का तमगा हासिल किया है और वह यहां भी इस स्वर्ण पदक हासिल करने के असली दावेदार होंगे।

दूसरी तरफ ओलंपिक में भारत की ओर से एकल स्पर्धा में दो पदक जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी सुशील पिछले महीने जार्जिया में हुए तबलिसी ग्रां प्री में हार गये थे। चार साल में यह पहला मौका था जब सुशील पहली बाउट में ही हार कर बाहर हो गये। वह हालांकि प्रतियोगिता से पहले आत्मविश्वास से भरे दिखे। वह बहरीन के एडम बातिरोव के खिलाफ अपने अभियान की शरुआत करेंगे।

भारतीय कोच ने कहा कि प्रतियोगिता ओलंपिक की तरह चुनौतीपूर्ण है क्योंकि ओलंपिक में भी ज्यादातर एशियाई पहलवानों का दबदबा रहता है। भारतीय पुरुषों फ्रीस्टाइल टीम के राष्ट्रीय कोच जगमंदर सिंह ने कहा, ‘आपको अपनी रणनीति और आक्रमण के बीच सेकेन्ड से भी कम समय में फैसला करना होता है। यह काफी मुश्किल होगा। हमारे पुरूष और महिला खिलाड़ियों ने अच्छी तैयारी की है। उन्होंने पिछले एक महीने में काफी कड़ा अभ्यास किया है।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.