माही के पवित्र जल से होगा महाकाल का अभिषेक

( 11028 बार पढ़ी गयी)
Published on : 17 Aug, 18 11:08

आज से शुरू होगी माही से महाकाल पदयात्रा

माही के पवित्र जल से होगा महाकाल का अभिषेक बांसवाड़ा| प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ध्यानयोगी श्री उत्तमस्वामी जी के सांनिध्य में माही के महाकाल तक की पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा शुक्रवार को सुबह 8 बजे जानामेड़ी स्थित रवीन्द्र ध्यान आश्रम बांसवाड़ा से धूमधाम से प्रारम्भ होगी। गुरुवार को इस पदयात्रा के लिए जलकलश की पूजा-अर्चना की गई।
गुरुभक्त मंडल सदस्य और प्रवक्ता निखिलेश त्रिवेदी ने बताया कि पदयात्रा संयोजक महंत थावरगिरी जी आम्बा झेर के नेतृत्व में होने वाली इस पदयात्रा में सह संयोजक मध्यप्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री तपन भौमिक, कांतिलाल व्यास और मोनी बाबा माही माता मार्ग प्रमुख रहेंगे। इस यात्रा में श्री आशापूर्ण महाराज कलश प्रमुख और लालशकर पारगी व भुवन पण्ड्या यात्रा की समस्त व्यवस्थाओं को संभालेंगे । पदयात्रा के सफल आयोजन के लिए अखिल भारतीय गुरुभक्त मंडल के सदस्य मार्ग में यात्रा के 6 पड़ाव स्थलों की व्यवस्था देखेंगे।
त्रिवेदी ने बताया कि सुबह ब्रह्ममुहुर्त में आश्रम से निकलने वाली यह पदयात्रा बांसवाड़ा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई कटुम्बी पहुंचेगी जहां ग्रामीणों द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। यह पदयात्रा 24 अगस्त को उज्जैन पहुंचेगी जहां पर उत्तम स्वामीजी की उपस्थिति में विशाल शोभा यात्रा के साथ महाकाल का महाअभिषेक किया जाएगा।

पदयात्रा में साथ होगा पवित्र जलकलश व मानगढ़ की रज:
भुवन पण्ड्या ने बताया कि माही से महाकाल पदयात्रा के साथ वागड़ अंचल के प्रमुख धामों के अंशों को साथ में रखा जाएगा। इसके तहत मानगढ़ धाम की पवित्र मिट्टी और बेणेश्वर, घोटिया आम्बा, आम्बाझेर, रामकुंड, भीमकुण्ड के साथ माही माता के पवित जल से युक्त कलश सम्मिलित किया गया है ।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.